प्रदेश भाजपा ने बीएमसी और अन्य नगर निकाय चुनावों में पार्टी की जीत का मनाया जश्न

इटानगर, 16 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अरुणाचल प्रदेश इकाई ने शुक्रवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) और महाराष्ट्र में हुए अन्य नगर निकाय चुनावों में पार्टी की जीत का जश्न मनाया।

भाजपा के प्रदेश मुख्यालय इटानगर के बाहर मीडिया से बात करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष डुंगोली लिबांग ने कहा, यह ऐतिहासिक जनादेश भाजपा के नेतृत्व, नीतियों और विकासोन्मुखी शासन का सशक्त समर्थन है।

उन्होंने कहा कि पार्टी की इस जीत ने उत्साह, एकजुटता और जनसेवा एवं कल्याण के क्षेत्र में पार्टी के प्रति आम जनता के समर्थन को दर्शाया है।

हमने इस दिन को पटाखे फोड़कर और जीत की मिठाई बांटकर मनाया, जो खुशी, एकता और जनता के जबरदस्त समर्थन के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।

भाजपा नेता ने कहा कि यह शानदार जीत पारदर्शी प्रशासन, कुशल शहरी शासन और जन-केंद्रित विकास के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता में नागरिकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों, विशेष रूप से बीएमसी में मिले जनादेश से जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने और नगरपालिका स्तर पर परिणाम देने की पार्टी की क्षमता में जनता का विश्वास उजागर होता है।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी