- नालासोपारा में मुख्यमंत्री की सभा को लेकर प्रेस कांफ्रेंस
मुंबई, 08 जनवरी, (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य भर में जारी विकास कार्यों को आम जनता ने भरपूर समर्थन दिया है। राज्य में हुए नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भाजपा नंबर वन पार्टी बनकर उभरी है और अब वसई-विरार महानगरपालिका में भी जनता विकास के पक्ष में मतदान करेगी। यहां भाजपा, शिवसेना (शिंदे), श्रमजीवी और आगरी सेना की महायुति की निर्विवाद जीत होगी। यह बातें भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्ये ने कहीं। वसई-विरार शहर मनपा चुनाव के प्रचार के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की एक जनसभा 9 जनवरी को नालासोपारा (पूर्व) स्थित सेंट्रल पार्क गार्डन में आयोजित होने वाली है। इस सभा के उपलक्ष्य में आयोजित पत्रकार वार्ता में केशव उपाध्ये बोल रहे थे। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्र पाटिल और जिला महासचिव मनोज बारोट भी उपस्थित थे।उपाध्ये ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों को मिनी विधानसभा के रूप में देखा जा रहा है। नगर परिषद और नगर पंचायत की तरह राज्य की 29 महानगरपालिकाओं में भी भाजपा को शानदार सफलता मिलेगी। मुंबई सहित पूरे राज्य में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं, जिससे शहरों का कायाकल्प हो रहा है। भाजपा केवल विकास के एजेंडे पर काम कर रही है और आम नागरिकों का विश्वास पार्टी पर लगातार बढ़ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार



