श्रीरामपुर में अवैध सट्टे का विरोध करने पर भाजपा कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला
- Admin Admin
- Jan 02, 2026
हुगली, 02 जनवरी (हि. स.)। हुगली जिले में श्रीरामपुर रेलवे टिकिट काउंटर के पास अवैध सट्टा का विरोध करने पर एक भाजपा कार्यकर्ता पर कथित तौर पर समाज विरोधियों ने जानलेवा हमला कर दिया।
आरोप है कि श्रीरामपुर रेलवे टिकिट काउंटर के पास लंबे समय से अवैध सट्टे का कारोबार चल रहा था। बुधवार रात स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता रॉयन दास जब उन सटोरियों के पास जाकर उनको ये अवैध काम करने से रोकने की कोशिश की तो उन्होंने दल बल के साथ उन पर हमला कर दिया। इसके बाद गंभीर हालत में रॉयन को श्रीरामपुर वाल्श अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
प्रदेश भाजपा नेता किशन साव ने शुक्रवार को इस घटना की जानकारी देते हुए कहा कि तृणमूल के राज में पूरे चांपदानी विधानसभा इलाके में जुआ, सट्टा जैसे अवैध कारोबार हो रहे हैं। ये सब स्थानीय प्रशासन के संरक्षण में हो रहा है। जब हमारे कार्यकर्ता ने सट्टे बाजी के अवैध कारोबार का विरोध किया तो तृणमूल के सट्टा माफिया ने उसे जान से मारने की कोशिश की। उसके सिर में कई टांके लगे हैं। उसकी हालत गंभीर हैं। मामले की लिखित शिकायत श्रीरामपुर थाने में दर्ज करवा दी गई है। देखना है कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है। तृणमूल कांग्रेस के हमारे कार्यकर्ता के खून के एक-एक कतरे का हिसाब देना होगा। वहीं इस घटना के बाद से इलाके में तनाव है। घायल भाजपा कार्यकर्ता को देखने बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा नेता अस्पताल पहुंचे और सभी ने इस घटना की निंदा की।
खबर लिखे जाने तक इस मामले में तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय



