मुंबई, 14 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता अतुल लोंढे ने भाजपा के मराठी प्रेम को दिखावा बताया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि नागपुर मनपा चुनाव के लिए भाजपा ने मराठी में मैनिफेस्टो जारी न करके मराठी लोगों का अपमान किया है।
लोंढे ने कहा कि कांग्रेस ने लोगों के सवालों पर आधारित एक जन-केंद्रित मैनिफेस्टो मराठी और हिंदी दोनों में जारी किया है। कांग्रेस के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। हमारा मैनिफेस्टो पारदर्शी, साफ़ और लोगों के हित में है। लोंढे ने कहा कि मुख्यमंत्री नागपुर से हैं. लेकिन भाजपा ने मराठी भाषा को नजरअंदाज करके मराठी पहचान का अपमान किया है। भाजपा मराठी में मैनिफेस्टो जारी करने से इसलिए भाग रही है क्योंकि उसमें लोगों के सामने अपनी बात रखने की हिम्मत नहीं है। यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि जिम्मेदारी से भागने की कायरतापूर्ण कोशिश है। अब बीजेपी के घमंड, नाकामी और मराठी विरोधी रवैये को सबक सिखाने का वक्त आ गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार



