पटना स्थित सदाकत आश्रम में मनाई गई पूर्व मुख्यमंत्री बिंदेश्वरी दुबे की 103वीं जयंती
- Admin Admin
- Jan 14, 2026
body{font-family:Arial,sans-serif;font-size:10pt;}.cf0{font-family:Nirmala UI,sans-serif;font-size:11pt;}
पटना, 14 जनवरी (हि.स.)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रख्यात श्रमिक नेता बिंदेश्वरी दुबे की 103वीं जयंती मंगलवार को बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मुख्यालय सदाकत आश्रम में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम समेत कांग्रेस के तमाम नेताओं ने बिंदेश्वरी दुबे के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने इस मौके पर कहा कि बिंदेश्वरी दुबे केवल बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के प्रख्यात श्रमिक नेता थे। उनके अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप कोयला खदानों का राष्ट्रीयकरण संभव हो सका, जिससे कोयला खदानों में काम करने वाले मजदूरों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में व्यापक सुधार हुआ।
राजेश राम ने कहा कि बिंदेश्वरी दुबे एक लोकप्रिय और जनमुखी मुख्यमंत्री थे। उनके कार्यकाल में राज्य सरकार ने दबे-कुचले, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू कीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को हमेशा सम्मान दिया और संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने उनके जीवन और संघर्षों को याद करते हुए कहा कि बिंदेश्वरी दुबे का योगदान बिहार की राजनीति और श्रमिक आंदोलन के इतिहास में अमिट रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक, कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, ब्रजेश प्रसाद मुनन, कपिलदेव प्रसाद यादव, ब्रजेश पाण्डेय, अरविंद लाल रजक, मनोज शर्मा, डॉ. संजय यादव, मृणाल अनामय, रंजीत कुमार बाल्मीकी, स्वर्गीय बिंदेश्वरी दुबे के नाती राकेश चौबे, नातिनी शोभा चौबे, संगीता पाण्डेय, साईं विभूति, विनय कृष्ण त्रिपाठी, नदीम अंसारी, चंद्रभूषण राजपूत, दिलीप कुमार, गुड्डू पासवान, मेनका कुमारी, डॉ. अविनाश कुमार अविनाश, रमाशंकर पाण्डेय, अमन कुमार, श्रीनंदन मंडल सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त



