बालुरघाट नगर पालिका को मिला नया चेयरमैन, तीन साल बाद उपाध्यक्ष की भी नियुक्ति

दक्षिण दिनाजपुर, 17 जनवरी (हि.स.)। बालुरघाट नगर पालिका को नया चेयरमैन मिल गया। नगर पालिका के आठ नंबर वार्ड के पार्षद सुरजीत साहा को सर्वसम्मति से नया चेयरमैन चुना गया है, जबकि 21 नंबर वार्ड की पार्षद मुनमुन कर को वाइस चेयरमैन (उपाध्यक्ष) नियुक्त किया गया है।

शनिवार को बालुरघाट नगर पालिका के सुवर्णतट सभाकक्ष में तृणमूल कांग्रेस के पार्षदों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से चेयरमैन और वाइस चेयरमैन का चयन किया गया। इसके बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सुब्रतकुमार बर्मन ने नवनियुक्त चेयरमैन और वाइस चेयरमैन को शपथ दिलाई।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 से वाइस चेयरमैन का पद खाली था और लगभग तीन वर्षों के बाद इस पद पर किसी की नियुक्ति हुई है। पूर्व चेयरमैन अशोक मित्र के खिलाफ 19 दिसंबर को तृणमूल कांग्रेस के 16 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। इसके बाद 10 जनवरी को उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे के सात दिन बाद ही शनिवार को नई नियुक्ति के लिए बैठक बुलाई गई।

बैठक में पूर्व चेयरमैन अशोक कुमार मित्र और उनके समर्थक पार्षद भी उपस्थित रहे। बैठक समाप्त होते ही वे नगर भवन से बाहर चले गए।

शपथ ग्रहण के बाद नवनियुक्त चेयरमैन सुरजीत साहा ने कहा कि नगर पालिका में कई विकास कार्य लंबित हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बालुरघाट के सभी 25 वार्डों के विकास के लिए मिलकर काम किया जाएगा। तृणमूल कांग्रेस के 23 वार्डों में जनप्रतिनिधि हैं और सभी को साथ लेकर नगर के समग्र विकास पर जोर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता