हिमाचल में राजस्व टीम पर हमला कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल: रणधीर शर्मा

शिमला, 18 जनवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी और नैना देवी से विधायक रणधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पूरी तरह बिगड़ चुकी है और अब कानून का नहीं बल्कि राजनीतिक दबाव का बोलबाला है।

उन्होंने मनाली विधानसभा क्षेत्र की राउगी पंचायत में राजस्व विभाग की टीम पर हुए हमले को इसका ताजा और गंभीर उदाहरण बताया। रणधीर शर्मा ने रविवार को एक बयान में कहा कि सरकारी आदेश के तहत जमीन की निशानदेही के लिए मौके पर पहुंचे पटवारी भोप सिंह और अन्य राजस्व कर्मचारियों पर जिस तरह से हमला किया गया, वह केवल कर्मचारियों पर नहीं बल्कि पूरे प्रशासन और कानून के शासन पर सीधा हमला है। उनका आरोप है कि बीडीसी अध्यक्ष ने अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए पहले राजस्व कर्मचारियों को धमकाया और बाद में कानूनगो व पटवारी के साथ मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।

भाजपा नेता ने बताया कि हमले में पटवारी भोप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें ढालपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद चिंताजनक स्थिति है कि सरकारी कर्मचारी अपने कर्तव्य का पालन करते हुए सुरक्षित नहीं हैं। अगर राजस्व अधिकारी ही असुरक्षित हैं तो आम लोगों की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

रणधीर शर्मा ने सवाल उठाया कि जब प्रदेश के गृहमंत्री स्वयं मुख्यमंत्री हैं तो ऐसी घटनाओं की जिम्मेदारी आखिर किसकी है। उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस सरकार अपने ही राजनीतिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का साहस रखती है या फिर सत्ता के संरक्षण में ऐसी घटनाओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।

रणधीर शर्मा ने मांग की कि आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में तुरंत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए, घायल पटवारी को पूरी सुरक्षा दी जाए और यह साफ संदेश दिया जाए कि कोई भी व्यक्ति, चाहे वह राजनीतिक पद पर ही क्यों न हो, कानून से ऊपर नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई नहीं की तो भाजपा प्रदेशभर में आंदोलन करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा