बूथ की मजबूती में भी विपक्ष को पछाड़ने की जरूरत : पंकज चौधरी
- Admin Admin
- Jan 06, 2026


गोरखपुर, 06 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मंगलवार को पिपराइच विधानसभा में चरगाँवा मण्डल के सरस्वती इंटर कॉलेज नाहरपुर में बूथ नंबर 199 के बूथ समिति कार्यकर्ताओं के साथ मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर बैठक की।
बूथ के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता होने की नाते हमें पार्टी के सभी कार्यों को करना होता है। उन सभी कार्यों को करते हुए एस आई आर अभियान को विशेष रूप से देखना है। क्योंकि मतदाता सूची दुरुस्त करना बूथ समिति का सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। इस कार्य में भी विपक्षी दलों को पछाड़ने की जरूरत है। फिर भाजपा के लिए मिशन 2027 आसान हो जायेगा। उन्होंने कहा कि हम चुनाव तभी जीतते हैं जब हम बूथ जीतते हैं। ऐसे में बूथ की मतदाता सूची दुरुस्त करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा आप भी कार्यकर्ता हैं और हम भी कार्यकर्ता हैं हम सब एक समान रूप से हैं। बस सबकी जिम्मेदारियां अलग-अलग होती हैं। बूथ अध्यक्ष सबसे महत्वपूर्ण पद है तथा बूथ कमेटी का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा पार्टी द्वारा प्राप्त जिम्मेदारी निभाने वाला कार्यकर्ता ही संगठन में आगे जाता है। उन्होंने कहा कि मैं कार्यकर्ता के रूप में ही आप सबके बीच में हूं आप सभी के मान सम्मान की चिंता करूंगा। मेरे लिए कार्यकर्ता सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने कहा 2027 में 2017 से भी बड़ी जीत पार्टी को दिलाने के लिए बूथों की मतदाता सूची दुरुस्त करना हम सब की प्राथमिकता है।
बैठक में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिला अध्यक्ष जनार्दन तिवारी, विधायक महेंद्र पाल सिंह, प्रदेश प्रवक्ता समीर सिंह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पांडेय नवीन, मंडल अध्यक्ष अनिल चौहान, अजय प्रकाश यादव, बूथ अध्यक्ष बालेन्दु मिश्र सहित बूथ समिति के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय



