ब्रह्माकुमारी संस्था विवादों में, मॉडल-एक्टर ने लगाए गंभीर आरोप
- Admin Admin
- Jan 19, 2026
जयपुर, 19 जनवरी (हि.स.)। विश्व के 140 से अधिक देशों में सक्रिय ब्रह्माकुमारी संस्था एक बार फिर विवादों के घेरे में है। राजस्थान के सिरोही जिले के आबू रोड स्थित ब्रह्मकुमारी आश्रम को लेकर गुजरात की एक मॉडल-एक्टर ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, मानसिक उत्पीड़न और संस्थागत दबाव जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने आरोप सार्वजनिक किए, जबकि संस्था की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पीड़िता का आरोप है कि आश्रम से जुड़े अमित राठौड़ ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वहीं सिक्योरिटी इंचार्ज सती सहित अन्य लोगों पर मामले को दबाने, धमकाने और करियर बर्बाद करने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। युवती के अनुसार आश्रम से जुड़े लोगों के संपर्क में आने के बाद उसे एक कार्यक्रम के दौरान प्रसाद (टोली) दिया गया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, दृष्टि धुंधली होने लगी और शारीरिक नियंत्रण कमजोर पड़ गया। उसका आरोप है कि इसी अवस्था का फायदा उठाकर उसके साथ जबरदस्ती की गई। बाद में जब उसने सवाल उठाए तो आरोपी ने घटना से इनकार किया, लेकिन फिर वीडियो कॉल, मैसेज और धमकियों के जरिए उसे चुप रहने को मजबूर किया गया। पीड़िता के अनुसार उसे वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी दी गई। संस्था के सर्कल में घुमाने और बीवी की तरह ट्रीट करने जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। विरोध करने पर जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई।
युवती का दावा है कि उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि उसे संस्था के खिलाफ बोलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। इस विवाद के बीच कई ऐसे पूर्व अनुयायी भी सामने आए हैं जो ब्रह्माकुमारी संस्था को आध्यात्मिक संगठन से अधिक एक नियंत्रित कल्ट सिस्टम बताते हैं। एक पूर्व अनुयायी अरुण (नाम परिवर्तित) का दावा है कि उनकी पत्नी और परिवार संस्था से जुड़ने के बाद उनसे अलग हो गया। बच्चों तक को प्रभावित किया गया। आर्थिक, मानसिक और सामाजिक दूरी पैदा कर दी गई। उनका आरोप है कि संस्था में सवाल पूछना अपराध माना जाता है। ईश्वरीय आदेश के नाम पर मानसिक दबाव बनाया जाता है। दान और समर्पण को मोक्ष से जोड़कर प्रस्तुत किया जाता है।
युवती की ओर से लगाए गए कथित आरोपों के संबंध में ‘हि.स.’ ने संस्था का पक्ष जानने का प्रयास किया लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल



