सीपीसीओ अमित शर्मा ने अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश

जम्मू। स्टेट समाचार
मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी (सीपीसीओ) एवं जनगणना संचालन निदेशक जम्मू-कश्मीर व लद्दाख अमित शर्मा ने पुंछ का दौरा कर आगामी जनगणना की तैयारियों की समीक्षा की। उपायुक्त पुंछ अशोक कुमार शर्मा ने जिले में की गई तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। बैठक में फील्ड स्तर की व्यवस्था, विभागों के बीच समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता और अन्य तैयारियों पर चर्चा हुई। अमित शर्मा ने अधिकारियों को प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की समय पर नियुक्ति, डिजिटल पंजीकरण और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बाद में पत्रकारों से बातचीत में अमित शर्मा ने आगामी जनगणना के उद्देश्यों और प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह देश की पहली पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस जनगणना होगी। पुंछ जैसे दूरदराज, दुर्गम और बर्फबारी प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापक कवरेज सुनिश्चित करने के लिए विशेष तैयारी की जा रही है। उन्होंने जनगणना के आंकड़ों को सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय योजना के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मीडिया, सामाजिक संगठनों और समुदाय के प्रतिनिधियों से जागरूकता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से सेल्फ-एन्यूमरेशन सुविधा का लाभ उठाने और जनगणना कर्मियों को पूरा सहयोग देने का आग्रह किया।