धमतरी जिले में 35 प्रतिशत अपराधों में कमी आई, उत्कृष्ट कार्य करने वाले थानों को पुरस्कृत किया

धमतरी, 12 जनवरी (हि.स.)। पुलिस लाइन धमतरी के सभा कक्ष में सोमवार को एसपी सूरज सिंह परिहार ने प्रेस वार्ता कर जिले में वर्ष 2025 के अपराधों को लेकर वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले थानों को पुरस्कृत किया गया।

एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि वर्ष 2024 में कुल 2370 अपराध प्रकरण दर्ज किए गए थे। वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 1529 प्रकरण रह गई। इस प्रकार 2024 की तुलना में कुल 35.50 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। लूट, नकबजनी और चोरी के मामले में 50 प्रतिशत कमी आई है। वर्ष 2025 में आपरेशन निश्चय के तहत सूखे नशे को लेकर कार्रवाई की गई है। इसके तहत हेरोइन के तहत 10 प्रकरण में 22 आरोपितों को गिरफ्तार कर 28.58 ग्राम हेरोइन जप्त किया गया है। वर्ष 2026 में सूखा नशा, अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जाएगा।

अर्जुनी थाना के पास साइबर थाना बनकर तैयार हो गया है। वर्ष 2025 में बरड़िया ज्वेलर्स में लूट, फर्जी आईटी रेड और ट्रिपल मर्डर के मामले को सुलझाना चुनौतीपूर्ण रहा। स्कूलों और कालेजों में लगातार यातायात पुलिस द्वारा जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जनवरी में एक महिला माओवादी ने आत्मसमर्पण किया है। जिले में चार - पांच माओवादी बचे हैं। उनके पास आत्मसमर्पण करने का मौका है नहीं तो सीधे एनकाउंटर में मारे जाएंगे। जल्द ही धमतरी जिला माओवाद मुक्त होगा।

धमतरी पुलिस जिले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराध मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। अपराधियों के विरुद्ध कड़ी और सतत कार्रवाई जारी रहेगी। जनसहयोग, आधुनिक पुलिसिंग और तकनीकी साधनों के उपयोग से अपराध नियंत्रण को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।

एसपी सूरज सिंह परिहार ने अपराध और मर्ग के मामलों में लंबित प्रकरणों को कम करने के लिए थानों को पुरस्कृत किया गया। जिसमें अपराध के लंबित मामलों को कम करने ग्रुप ए 100 से अधिक अपराध वाले थाना अर्जुनी (5.76 प्रतिशत) को पुरस्कृत किया गया। वहीं मर्ग के मामलों के निराकरण में कुरुद थाना (7.55 प्रतिशत) को पुरस्कृत किया गया। साथ ही यातायात में सर्वाधिक 3304 चालानी कार्रवाई के लिए सहायक उप निरीक्षक रामकृष्ण साहू को सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा