कन्नौज: प्रेमिका की हत्या में फरार दो आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक घायल
- Admin Admin
- Dec 20, 2025
कन्नौज, 20 दिसम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कन्नौज जिले के छिबरामऊ थाना क्षेत्र में प्रेमिका की जलाकर हत्या करने वाले दाे आरोपितों की शुक्रवार देर रात को पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक आरोपित के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आराेपित को भागने के दौरान पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया।आराेपिताें ने जूर्म स्वीकारते हुए बताया कि उन लाेगाें ने प्रेमिका की हत्या के बाद पेट्रोल डालकर शव को जलाया था।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने शनिवार काे बताया कि 17 दिसंबर की सुबह छिबरामऊ थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे पर निगोह रोड के पास एक यवती की जली लाश मिली थी। मामले की जांच कर रही पुलिस की चार टीमों ने घटना क्षेत्र के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपितों की पहचानकर उनकी तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने देर रात को आरोपितों की लोकेशन ट्रेस कर छिबरामऊ क्षेत्र के कैरदा रोड पर उनकी हुंडई कार को घेर लिया। खुद को गिरता देख आरोपितों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। कार छोड़कर भागने लगे, पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली बदमाश के पैर में लगी, जिसमें वह गिर पड़ा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान आराेपित का दूसरा साथी भागने लगा तो पुलिस ने उसे भी दबोच लिया। आरोपितों की पहचान उन्नाव जिले के शुक्लागंज शक्तिनगर निवासी एहतिशाम और मनोहर नगर पार्क के सामने रहने वाले अर्सलान के रूप में हुई है। पुलिस की गोली से घायल एहतिशाम को छिबरामऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपित एहतिशाम ने बताया कि पुलिस को जिस लड़की का शव हाइवे पर मिला था उसका नाम मुस्कान (32) था। वह कानपुर नगर के बकरमंडी की रहने वाली थी। उसने बताया कि वह मुर्गा लाने ले जाने वाली गाड़ी चलाता था। इस कारण उसका कानपुर आना-जाना था। करीब छह माह पहले मुस्कान से उसका प्रेम संबंध हो गये थे। कुछ समय बाद एहतिशाम के दोस्त अर्सलान से भी मुस्कान की नजदीकियां बढ़ गई। जब यह बात दोनों दोस्तों को पता चली तो उन्होंने मुस्कान को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
16 दिसंबर की शाम अर्सलान ने मुस्कान को मिलने के लिए उन्नाव बुलाया। कुछ देर बाद एहतिशाम भी वहां पहुंच गया। दोनों ने मिलकर मुस्कान की मुंह दबाकर हत्या कर दी। पुलिस को गुमराह करने के लिए रात करीब 12 बजे शव को कार में डाला और छिबरामऊ के पास हाईवे के किनारे 17 दिसंबर की सुबह चार बजे सुनसान और कोहरे का फायदा उठाकर शव फेक दिया। पहचान छिपाने के लिए पेट्रोल डालकर शव में आग लगा दी थी। एसपी ने बताया कि आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। .................
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा



