सुलतानपुर: अवैध संबंध के चलते हुई थी युवक की हत्या, तीन गिरफ्तार
- Admin Admin
- Dec 26, 2025
सुलतानपुर, 26 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिला के अखंडनगर थाना क्षेत्र में नौ माह पहले हुई सत्य प्रकाश की हत्या का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया है। तीन आरोपित गिरफ्तार हुए हैं। इनमें मुख्य आरोपित की पत्नी से मृतक सत्यपाल के अवैध संबंध थे। पुलिस ने आरोपितों को न्यायिक प्रकिया के तहत जेल भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपित झारखंड निवासी सुजीत और उसका साथी संजय को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित सुजीत ने अपना जुर्म स्वीकारते हुए बताया कि बीते 5 मार्च की रात 9:30 बजे भट्ठे के पास एक मुर्गी फार्म में पत्नी होलिका को सत्यपाल के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसके बाद उसने सत्यपाल की हत्या की योजना बनाने लगा। घटना वाले दिन उसने अपने सहयोगी संजय और विवेक तिवारी के साथ मिलकर सत्य प्रकाश की ईंट मारकर हत्या कर दी। रेल दुर्घटना दिखाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मृतक के पिता चंद्रदेव पाल की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शुक्रवार को पुलिस ने तमाम साक्ष्यों के आधार पर सुजीत और उसके सहयोगी संजय व विवेक को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी ने बताया कि मृतक सत्यपाल का आरोपित सुजीत की पत्नी से अवैध संबंध थे। दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर सत्यपाल की हत्या कर दी है। पुलिस ने तीनाें आराेपिताें काे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। ------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त



