झज्जर : संघ ने किया पंच परिवर्तन के माध्यम से राष्ट्रोत्थान का आह्वान

झज्जर, 12 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बहादुरगढ़ के तत्वावधान में संघ की 100 वर्षीय गौरवशाली यात्रा के उपलक्ष्य में प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन संपन्न हुआ। उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए सिंडिकेट सह विभाग कार्यवाह विक्रम ने पंचशील परिवर्तन के माध्यम से राष्ट्र उत्थान का आह्वान किया ।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने संघ की राष्ट्रसाधना की अविराम परंपरा पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता सह विभाग कार्यवाह विक्रम ने कहा कि भारत का दर्शन अत्यंत व्यापक और गहन है, किंतु जब तक हमारा आचरण उसके अनुरूप नहीं होगा, तब तक राष्ट्र का सर्वांगीण उत्थान संभव नहीं है। इसी कारण आज समाज में पंचपरिवर्तन की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि संघ ने घर-घर जाकर पंचपरिवर्तन के विषयों पर जागरूकता फैलाने का कार्य किया है। संघ की 100 वर्षीय यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि आज पूरा देश संघ की तपस्या, सेवा और संगठन-शक्ति से परिचित है। संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि वे जन्म से ही भारत राष्ट्र के उपासक थे। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान वे गांधीजी के नेतृत्व में जंगल सत्याग्रह में जेल गए। बार-बार होने वाली पराधीनता के कारणों का विश्लेषण करते हुए उन्होंने निष्कर्ष निकाला कि भारतीय समाज अपने महापुरुषों, गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय स्वाभिमान से विमुख हो गया है तथा जातिगत विभाजनों में बंट गया है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि 1962 के युद्ध के पश्चात संघ की सक्रिय भूमिका को देखते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 1963 की गणतंत्र परेड में संघ को आमंत्रित किया था। विशेष वक्ता विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सह मंत्री रास बिहारी ने पंचपरिवर्तन के पाँच आयामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कुटुंब व्यवस्था हमारी सामाजिक रीढ़ है, किंतु आज टूटते परिवार चिंता का विषय हैं। इसके समाधान के लिए पारिवारिक संवाद, सप्ताह में कम से कम एक दिन परिवार के साथ समय बिताने और बच्चों को आचरण से संस्कार देने पर बल दिया। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार से सम्मानित रेणु सांगवान ने आज के समय में गौ माता की उपयोगिता पर ध्यान आकर्षित किया। विशिष्ट अतिथि सत्यपाल सिंह अध्यक्ष चंद्रभाल मेमोरियल ट्रस्ट ने दिव्यांग जीवन को सुधारने हेतु उनके द्वारा छुड़ानी गांव में चलाए जा रहे सेवा प्रकल्प से अवगत करवाया।

कार्यक्रम का संचालन अर्चना व डॉ. रवि प्रभात ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज