अमरनाथ यात्रा सुविधाओं के उन्नयन को लेकर मुख्य सचिव ने की उच्चस्तरीय समीक्षा
- Rahul Sharma
- Jul 21, 2026
जम्मू। स्टेट समाचार
मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने सोमवार को उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर श्री अमरनाथ यात्रा-2026 के दौरान केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) द्वारा आधार शिविरों और ट्रांजिट कैंपों की सुविधाओं में सुधार के लिए दी गई सिफारिशों की समीक्षा की। बैठक में नागरिक प्रशासन, श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड, पुलिस, सीएपीएफ, बीआरओ, संबंधित विभागों तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मंदीप के. भंडारी द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर सीएपीएफ की सिफारिशों पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित प्रशासनिक सचिवों और उपायुक्तों ने प्रत्येक सिफारिश पर अब तक हुई प्रगति और शेष कार्यों की समय-सीमा की जानकारी दी।
समीक्षा के दौरान आधार एवं ट्रांजिट कैंपों में आवासीय सुविधाओं के उन्नयन, स्वच्छता, साफ-सफाई, अग्निशमन व्यवस्था, टेंटों की वाटरप्रूफिंग, बिजली और पेयजल की बैकअप व्यवस्था, लंगरों, शौचालयों और स्नान गृहों की स्वच्छता, जल निकासी व्यवस्था तथा सुरक्षित विद्युत वायरिंग जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर कतार प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग सुविधाओं के विस्तार और यात्रा मार्ग के संवेदनशील हिस्सों में अतिरिक्त वर्षा आश्रय (रेन शेल्टर) स्थापित करने के उपायों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि सीएपीएफ की प्रत्येक व्यवहारिक सिफारिश पर गंभीरता से कार्य करते हुए उसका शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा यात्रा के दौरान सामने आने वाली कमियों को समय रहते दूर कर भविष्य की यात्राओं के लिए व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।

