नोएडा में चीन से जुड़ा हवाला नेटवर्क बेनकाब चीनी नागरिक समेत 3 गिरफ्तार

नोएडा, 24 जुलाई: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने नोएडा में बड़े हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग रैकेट का खुलासा करते हुए एक चीनी नागरिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग फर्जी (शेल) कंपनियां बनाकर करोड़ों रुपये का अवैध लेनदेन कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चीनी नागरिक लियाओ लोंगहुई, गाजियाबाद निवासी संजीव कुमार और औरैया निवासी कौशलेंद्र के रूप में हुई है। लियाओ का भारतीय वीजा वर्ष 2020 में समाप्त हो गया था, लेकिन वह तब से अवैध रूप से भारत में रह रहा था।

एसटीएफ के अनुसार, आरोपियों ने भारत और चीन में कई शेल कंपनियां बनाकर हवाला के जरिए बड़ी रकम विदेश भेजी। जांच के दौरान पांच लैपटॉप, नौ मोबाइल फोन, एक टैबलेट, फर्जी आधार कार्ड, दो पैन कार्ड, दो चीनी पासपोर्ट, 10 कंपनी की मुहरें, 11 चेकबुक, लगभग 4.72 करोड़ रुपये के चेक, कई दस्तावेज और नकदी बरामद की गई।

जांच में पता चला कि YTL Manufacturing Pvt Ltd के जरिए चीन से मोबाइल कवर बनाने का कच्चा माल अधिक कीमत पर आयात किया जाता था, जबकि तैयार माल दिल्ली के करोल बाग और नेहरू प्लेस में कम कीमत दिखाकर बेचा जाता था। बची हुई रकम हवाला के माध्यम से चीन भेजी जाती थी।

एसटीएफ का आरोप है कि लियाओ ने कर्मचारियों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कई फर्जी कंपनियां बनाईं, जिनके जरिए मनी लॉन्ड्रिंग की जाती थी। इस पूरे नेटवर्क में चार्टर्ड अकाउंटेंट संजीव कुमार और कौशलेंद्र की भी अहम भूमिका सामने आई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन तथा अन्य संभावित आरोपियों की जांच जारी है।