मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में एक दूसरे के हुए 469 जोड़े

फर्रुखाबाद, 12 दिसम्बर (हि.स.)। थाना कमालगंज क्षेत्र के नाला बघार पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 469 जोड़ों ने एक दूजे का हाथ पकड़ कर सातों बचन निभाने की अग्नि के समक्ष कसम खाई व फेरे लिए। इनमें आठ जोड़ो का मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार मौलवी ने निकाह कराया।

डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि इस सामूहिक विवाह में 14 करोड़ 87 लाख रुपये खर्च हुआ है। जिसमें एक लाख रुपये प्रति जोड़े पर खर्च आया है। 60 हजार रुपये बधू के खाते में डीबीटी किया गया है।

सामूहिक विवाह की शुरुआत जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान भारी संख्या में वर कन्या के परिजन मौजूद रहे। भोजन की व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से की गई। यहां अपनी कन्याओं के विवाह सम्पन्न कराने आये परिजनों ने कार्यक्रम की प्रशंसा की। बाद में कन्याओं को बैंड की बाबुल की दुआएं लेती जा तुझको सुखी संसार मिले धुन पर बिदा किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि कन्या विदाई की स्थिति बहुत गमगीन होती है। सीता की विदाई के समय विदेह कहलाने वाले राजा जनक अपने आपको रोक नहीं सके। महा कवि तुलसीदास लिखते हैं - सीतहि देखि धीरता भागी, रहे कहावत परम् विरागी। लई भूप उर लाइ जानकी, मिटी महा मर्याद ज्ञान की। डीएम की यह बात सुन सभी कन्याओं के मा, बाप की आंखे नम हो गई। इस मौके पर सभी विधायक व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar