कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में कड़ाके की ठंड, पारा 12 डिग्री के करीब
- Admin Admin
- Dec 26, 2025
कोलकाता, 26 दिसंबर (हि. स.)। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में तापमान लगातार अपने ही रिकॉर्ड तोड़ रहा है। इस मौसम में पहली बार न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। शुक्रवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस ऋतु का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। कोलकाता और आसपास के इलाकों में शीत का प्रभाव साफ महसूस किया गया।
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार तक कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल में तापमान में और गिरावट जारी रहेगी। इसके बाद दो-तीन दिनों तक तापमान लगभग इसी स्तर पर बना रह सकता है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 31 दिसंबर के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है। नए साल की शुरुआत में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, लेकिन किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इससे पहले 25 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री और 21 दिसंबर को 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। छह दिसंबर को भी तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा था।
इधर, पश्चिम बंगाल के पश्चिमी जिलों में ठंड और भी तीखी है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। आने वाले कुछ दिनों में यहां न्यूनतम तापमान सात से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, तटीय जिलों में न्यूनतम तापमान 11 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
बंगाल के साथ-साथ देश के कई अन्य राज्यों में भी ठंड का प्रकोप जारी है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और झारखंड में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। बिहार, उत्तर प्रदेश, सिक्किम और उत्तराखंड में भी तापमान लगातार गिर रहा है। इसके अलावा दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, असम, मेघालय, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता



