इतिहास के पन्नों में 16 जनवरी : आज ही के दिन दूसरी अंतरिक्ष यात्रा पर रवाना हुई थीं कल्पना चावला

16 जनवरी भारत के लिए गर्व और प्रेरणा की एक यादगार तारीख है। इस दिन भारतीय मूल की अंतरिक्ष वैज्ञानिक कल्पना चावला ने अमेरिका से अंतरिक्ष में अपनी दूसरी उड़ान भरी। सात समंदर पार अपने सपने को सच करते हुए उन्होंने नासा के स्पेस शटल कोलंबिया से अंतरिक्ष यात्रा की।

हालांकि यह यात्रा उनके लिए अंतिम साबित हुई। 16 दिन के मिशन के बाद 01 फरवरी 2003 को पृथ्वी पर लौटते समय स्पेस शटल दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कल्पना चावला और उनके छह साथियों की मृत्यु हो गई।

कल्पना चावला ने न केवल विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान में भारत का नाम रोशन किया, बल्कि अनगिनत युवा, खासकर लड़कियों को अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा भी दी।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1547 - इवान चतुर्थ 'इवान द टैरिबल' रूस का जार बना।

1556 - फिलिप द्वितीय स्पेन के सम्राट बने।

1581 - ब्रिटिश संसद ने रोमन कैथोलिक मत को ग़ैर क़ानूनी घोषित किया।

1681- महाराष्ट्र के रायगढ़ किले में क्षत्रपति शिवाजी के पुत्र संभाजी का भव्य राज्याभिषेक हुआ।

1761 - पांडेचेरी पर से अंग्रेज़ों ने फ़्राँसीसियों का अधिकार हटा दिया।

1769 - कलकत्ता (अब कोलकाता) के अकरा में पहली बार सुनियोजित घुड़दौड़ का आयोजन किया गया।

1920 - 'लीग ऑफ़ नेशंस' ने पेरिस में अपनी पहली काउंसिल मीटिंग की।

1943 - इंडोनेशिया के अंबोन द्वीप पर अमेरिकी वायुसेना का पहला हवाई हमला।

1947 - विंसेंट ऑरियल फ्रांस के राष्ट्रपति चुने गये।

1955 - पुणे में खड्वासला राष्ट्रीय रक्षा अकादमी का औपचारिक रूप से उद्घाटन।

1969 - सोवियत अंतरिक्ष यानों 'सोयुज 4' और 'सोयुज 5' के बीच पहली बार अंतरिक्ष में सदस्यों का आदान-प्रदान हुआ।

1973 - तत्कालीन अमरीकी राष्ट्रपति निक्सन ने इस दिन उत्तरी वियतनाम पर की जा रही बमबारी रोकने के आदेश दे दिए थे।

1979 - 'शाह ऑफ़ ईरान' सपरिवार मिस्र पहुँचे।

1989 - सोवियत संघ ने मंगल ग्रह के लिए दो साल के मानव अभियान की अपनी योजना की घोषणा की।

1991 - 'पहला खाड़ी युद्ध' (अमेरिका की इराक के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई शुरू)।

1992 - भारत एवं ब्रिटेन के बीच प्रत्यर्पण संधि।

1995 - चेचेन्या में चल रहे गृहयुद्ध को रोकने के लिए रूसी प्रधानमंत्री विक्टर चेर्नोमिर्दिन एवं चेचेन्या प्रतिनिधिमंडल के बीच समझौता।

1996 - हब्बल अंतरिक्ष दूरबीन के वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष में 100 से अधिक नये आकाशगंगा को खोज निकालने का दावा किया।

1999 - भारत के अनिल सूद विश्व बैंक के उपाध्यक्ष बने, टोक्यो (जापान) पुन: विश्व का सबसे मंहगा शहर घोषित।

2000 - चीन सरकार ने दो वर्षीय तिब्बती बालक को 'साकार बुद्ध' के पुरावतार के रूप में मान्यता प्रदान की।

2003 - भारतीय मूल की कल्पना चावला दूसरी अंतरिक्ष यात्रा पर रवाना।

2005 - जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख अज़हर पर शिंकजा कसने के लिए एफ़.बी.आई. ने भारत से मदद मांगी।

2006 - समाजवादी नेता माइकल बैशलेट चिली की प्रथम महिला राष्ट्रपति चुनी गयीं।

2008 - सेतुसमुद्रम परियोजना पर योजना का मसौदा पेश करने के लिए सर्वोच्च न्यायालय ने केन्द्र सरकार को दो हफ्ते का समय दिया।

2008 - पाकिस्तान में वजीरिस्तान में वाना क्षेत्र में आतंकी हमले में 30 सैनिक लापता हुए।

2009- उत्तर प्रदेश को हराकर मुम्बई ने रिकार्ड 38वीं बार रणजी चैम्पियनशिप जीती।

2013 - सीरिया के इदलिब में बम धमाकों में 24 लोगों की मौत।

2020 - केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गुजरात के सूरत में स्थित हजीरा लार्सन एंड टुब्रो आर्मर्ड सिस्टम कॉम्प्लेक्स में 51वीं के-9 वज्र-टी तोप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जन्म

1926 - ओ. पी. नैय्यर- प्रसिद्ध संगीतकार।

1927 - कामिनी कौशल - हिन्दी फ़िल्मों की प्रसिद्ध अभिनेत्री तथा टीवी कलाकार।

1931 - सुभाष मुखोपाध्याय - भारत के 'प्रथम टेस्ट ट्यूब बेबी' के जनक चिकित्सक व वैज्ञानिक थे।

1946 - मुनीश्वर चन्द्र डावर- भारतीय चिकित्सक हैं। उनकी नि:स्वार्थ सेवाओं के लिये भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया।

1946 - कबीर बेदी - भारतीय फिल्म अभिनेता हैं, जो सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि यूनाइटेड स्टेट और इटली में भी सक्रिय हैं।

1950 - वी. एस. संपत - भारत के भूतपूर्व 18वें मुख्य निर्वाचन आयुक्त थे।

2001 - श्रीहरि नटराज - भारतीय तैराक हैं।

निधन

1901 - महादेव गोविन्द रानाडे - भारत के प्रसिद्ध राष्ट्रवादी, समाज सुधारक, विद्वान् और न्यायविद।

1938 -शरत चंद्र चट्टोपाध्याय- बांग्ला भाषा के अमर कथाशिल्पी और सुप्रसिद्ध उपन्यासकार।

1962 -रामनरेश त्रिपाठी- प्राक्छायावादी युग के महत्त्वपूर्ण कवि।

1966 - टी. एल. वासवानी - प्रसिद्ध लेखक, शिक्षाविद और भारतीय संस्कृति के प्रचारक।

1988 - एल. के. झा - भारतीय रिज़र्व बैंक के आठवें गवर्नर थे।

1989 - प्रेम नजीर (अब्दुल खादिर) - मलयालम सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में से एक इनके नाम सबसे अधिक 600 फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाने का विश्व रिकार्ड है।

महत्वपूर्ण दिवस

अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह दिवस (10 दिवसीय)

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह 11 जनवरी- 17 जनवरी तक

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय