किन्नरों के दो गुटों में संघर्ष, दो भाई घायल

हमीरपुर, 30 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सुमेरपुर थाना क्षेत्र में नेग लेने के चक्कर में किन्नरों का विवाद रविवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। एक गुट के मजीरा वादक एवं वाहन चालक को दूसरे गुट के साथ आए युवकों ने धारदार हथियारों एवं लाठी डंडों से पीट कर लहुलुहान कर दिया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों गुटों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की गुहार लगाई है।

किन्नरों के झगड़े की शुरुआत 27 नवंबर को हुई थी। इसके बाद 29 नवंबर को टेढ़ा गांव में भी दोनों गुटों के बीच वाद विवाद हुआ था। एक गुट ने इसकी शिकायत गांव से लौटकर पुलिस को दी थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की, इससे दूसरे गुट के हौसले बुलंद हैं। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। मामले की जांच कर कार्यवाही करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा