गुवाहाटी, 15 जनवरी (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस पार्टी पर राज्य की सामाजिक एकता और सौहार्द को भंग करने का आरोप लगाते हुए कड़ा विरोध जताया है। भाजपा के अनुसार कांग्रेस ने ‘एक्स’ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भाजपा असम प्रदेश मुख्यालय, अटल बिहारी वाजपेयी भवन, की झूठी एआई-जनित तस्वीर साझा की, जो आग में जलते भवन को दिखाती है।
राज्य भाजपा अध्यक्ष और सांसद दिलीप सैकिया ने कहा कि यह कृत्य कांग्रेस की “नीच और दुष्ट मानसिकता” को दर्शाता है और यह असम की शांतिप्रिय संस्कृति पर हमला है। सैकिया ने आरोप लगाया कि गौरव गोगोई की अगुवाई वाली कांग्रेस लगातार अशांति और अराजकता फैलाकर राजनीतिक लाभ उठाने की नीति अपनाती रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि कांग्रेस पूर्व में भी ऐसी टिप्पणियां करने और विभाजनकारी तत्वों का समर्थन करने में पीछे नहीं रही है। उनका दावा है कि असम में कांग्रेस का राजनीतिक आधार घटने के कारण पार्टी अब एपीमी-केन्द्रित और असम की एकता व पहचान के खिलाफ नीति अपना रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश



