कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान शुरू, क्या यह वाकई नई उम्मीद जगाएगा?
- Admin Admin
- Nov 28, 2025
कठुआ, 28 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने हाल ही में कठुआ से अपने संगठन सृजन अभियान की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य पार्टी के संगठन को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना है। हालांकि, इस अभियान के साथ ही स्थानीय राजनीति में कई सवाल भी उठने लगे हैं। क्या कांग्रेस को पहले अपने संगठन की हालत नहीं सुधारनी चाहिए? स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी के कई पदाधिकारी ऐसे हैं जिन्हें लोग एक्सपायर्ड इंजेक्शन कहने लगे हैं, क्योंकि इनकी अध्यक्षता में न कोई विधानसभा चुनाव जीता गया, न पंचायत, डीडीसी का कोई सदस्य कांग्रेस से चुनकर आया है।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कुछ नेता सिर्फ अखबारों की सुर्खियाँ और सोशल मीडिया पर लाइक्स बटोरने के लिए सक्रिय दिखते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर संगठन में उनकी कोई भूमिका या मेहनत दिखाई नहीं देती। इससे संगठन जमीनी स्तर पर ठप हो गया है और कार्यकर्ताओं में निराशा है। रणनीति का पूरी तरह अभाव है, जिससे पार्टी की स्थिति और भी खराब हो गई है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या कांग्रेस का नया अभियान वाकई नई उम्मीद जगाएगा, या फिर यह भी सुर्खियाँ बटोरकर बाजार में गायब हो जाएगा? पार्टी के लिए यह समय आत्ममंथन का है, जिसमें उसे अपने संगठन की कमियों को दूर करना होगा और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना होगा। तभी वह आगामी चुनावों में सफलता प्राप्त कर सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया



