कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान तेज

कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान तेज


उधमपुर, 29 नवंबर ।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत आज उधमपुर में एआई सीसी पर्यवेक्षक उदय भान ने एक अहम प्रेस कॉन्फ़्रेंस को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और सक्रिय कार्यकर्ताओं को नेतृत्व में प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

इस दौरान जिला अध्यक्ष पद के इच्छुक कार्यकर्ताओं को आवेदन फॉर्म भी वितरित किए गए।

प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उदय भान ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान—राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी—ने जिला अध्यक्षों के चुनाव और संगठन निर्माण को लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से संगठन सृजन अभियान की शुरुआत की है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस में अब वही कार्यकर्ता आगे लाए जाएंगे जो संगठन के प्रति निष्ठावान, सक्रिय और जनता के बीच लगातार काम कर रहे हैं।

उदय भान ने कहा कि कांग्रेस का भविष्य एक मजबूत संगठनात्मक ढांचे पर निर्भर करता है। इसलिए कार्यकर्ताओं की मेहनत का सम्मान, पारदर्शिता और समर्पित नेताओं को जिम्मेदारी देना इस अभियान की मूल भावना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान कांग्रेस को नई दिशा और ऊर्जा देगा।

उन्होंने कांग्रेस की मूल विचारधारा—लोकतंत्र, न्याय, समानता और भाईचारे—को जनता तक पहुँचाने के लिए मजबूत संगठन को अनिवार्य बताया। उदय भान ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर जनता के मुद्दों को उठाएँ और कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुँचाएं।

---------------