मुरादाबाद : दुष्कर्म का आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
- Admin Admin
- Dec 27, 2025
मुरादाबाद, 27 दिसम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद की थाना सिविल लाइंस पुलिस ने अगवानपुर क्षेत्र के मोहल्ले में छह साल की बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपित आसिम को शनिवार तड़के मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपत आसिम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित पहले भी दूसरी बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है। एसपी ने बताया कि सिविल लाइन क्षेत्र के अगवानपुर निवासी पीड़ित बच्ची के पिता ने दो दिन पूर्व गुरुवार देर रात सिविल लाइंस थाना में दर्ज कराई तहरीर में बताया कि उसकी छह साल की बच्ची को गुरुवार शाम 6 बजे उसकी चाची ने बाजार से पान लेने के लिए भेजा था। शाम करीब पौने सात बजे रास्ते में उसे आरोपित आसिम मिल गया। वह बच्ची को खंडहर में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित बच्ची रोते हुए अपने घर पहुंची और आपबीती सुनाई तो परिजन सन्न रह गए थे।
उन्होंने आरोपित को बाजार में पकड़ लिया और उसकी पिटाई की, लेकिन उसके परिजन आ गए और उन्होंने आरोपित को छुड़ा लिया था। इस दाैरान आरोपित ने पीड़ित के परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद आरोपित मौके से भाग गया था। एसपी ने बताया कि शनिवार तड़के थाना सिविल लाइंस पुलिस इस्लाम नगर रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने रामगंगा नदी की ओर कच्चे रास्ते पर बाइक मोड़ दी।
इसी दौरान बाइक रेत में फिसल गई तब आरोपित ने बाइक छोड़ दी और भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। बचाव में पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की तो आरोपित के पैर में गोली लग गई। इसके बाद आसिम घायल होकर मौके पर ही गिर गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आरोपित के पास से बिना नंबर की बाइक अवैध तमंचा और कुछ कारतूस बरामद हुआ हैं। पुलिस उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल



