मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में सांस्कृतिक नवजागरण: प्रदेश भाजपा

गुवाहाटी, 29 दिसंबर (हि.स.)। प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम में एक नए सांस्कृतिक नवजागरण का दौर शुरू हुआ है। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता रंजीव कुमार शर्मा ने कहा कि रूपांतरण के माध्यम से ही समाज को सुंदर और सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रूपकोंवर ज्योति प्रसाद अग्रवाला के कालजयी विचारों को आत्मसात करते हुए गुरुदेव श्रीमंत शंकरदेव के आविर्भाव स्थल बटद्रवा धाम को नए असम के सांस्कृतिक नवजागरण के प्राणकेंद्र के रूप में विकसित किया गया है।

प्रदेश भाजपा की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री डॉ. सरमा के एकल प्रयास और दूरदृष्टि के कारण बटद्रवा सांस्कृतिक परियोजना का निर्माण निर्धारित समय में पूर्ण हुआ, जिसका उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज किया और इसे राज्यवासियों को समर्पित किया। इसके साथ ही गुवाहाटी महानगर के मध्य स्थित पूर्वोत्तर भारत के सबसे बड़े ‘ज्योति–विष्णु प्रेक्षागृह’ (ऑडिटोरियम) तथा अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले गुवाहाटी महानगर पुलिस मुख्यालय का भी उद्घाटन किया गया।

प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और प्रतिबद्धता के कारण ही ये सभी महत्त्वपूर्ण परियोजनाएं आज साकार हो सकी हैं। अटल बिहारी वाजपेयी भवन स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय से जारी इस बयान में मुख्यमंत्री को नए असम के सांस्कृतिक नवजागरण का शिल्पकार बताया गया है। बयान में कहा गया कि नए असम के स्वप्नद्रष्टा मुख्यमंत्री सरमा के नेतृत्व में राज्य ने विकास के एक नए युग में प्रवेश किया है।

उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे से लेकर सड़कों, पुलों, फ्लाईओवरों और शैक्षणिक संस्थानों तक तथा सामाजिक विकास से लेकर महिला सशक्तिकरण तक, सभी क्षेत्रों में मुख्यमंत्री ने समावेशी विकास को दिशा दी है। एक के बाद एक अंतरराष्ट्रीय मानकों की संस्थाओं के निर्माण से असम की समग्र छवि में व्यापक परिवर्तन आया है। इसी कारण असम की जनता ने मुख्यमंत्री को दिल से समर्थन और सहयोग दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश