चंपावत, 26 दिसंबर (हि.स.)। चम्पावत के एक नशामुक्ति केंद्र में भर्ती एक बुजुर्ग व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान लोहाघाट के पाटन-पाटनी निवासी 63 वर्षीय आनंद बल्लभ पांडेय के रूप में हुई है। उन्हें शुक्रवार सुबह चम्पावत के कफलांग स्थित नशामुक्ति केंद्र में अचेत अवस्था में पाया गया था।
नशामुक्ति केंद्र के संचालक दीपक जोशी ने बताया कि गुरुवार रात आनंद बल्लभ पांडेय ने भोजन किया और अपने कमरे में सोने चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे जब उन्हें जगाने का प्रयास किया गया, तो वह अचेत अवस्था में मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
संचालक के अनुसार, आनंद बल्लभ पांडेय को 20 दिसंबर को केंद्र में भर्ती कराया गया था। बताया गया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उनमें स्वयं को नुकसान पहुंचाने की प्रवृत्ति भी थी। कुछ दिन पहले उन्हें बरेली के एक मनोचिकित्सक को भी दिखाया गया था। लंबे समय से भोजन न करने के बाद उन्होंने गुरुवार रात ही खाना खाया था।
नशामुक्ति केंद्र में वर्तमान में 16 लोग भर्ती हैं। संचालक ने यह भी बताया कि केंद्र की गतिविधियों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी



