विदेश जाने के 16 माह बाद सऊदी अरब से युवक का आया शव

मृत युवक की फाईल फोटो

सुलतानपुर, 12 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र के नरगेसवा मजरे हलियापुर निवासी एक युवक का विदेश जाने के 16 महीने बाद आया शव आया। परिवार में कोहराम मच गया।

हलियापुर थाना क्षेत्र के नरगेसवा मजरे हलियापुर निवासी लल्लन (25) का शव बृहस्पतिवार देर रात उसके पैतृक गांव पहुंचा। 17 सितंबर 2024 को अपने एक रिश्तेदार के साथ सऊदी अरब के दम्माम गया था, जहां वह मजदूरी कर रहा था। 8 फरवरी 2025 को एक सड़क दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और कोमा में चला गया।

दुर्घटना के बाद से उसका वहीं इलाज चल रहा था, लेकिन उसे होश नहीं आया। आर्थिक तंगी के कारण परिवार उसे भारत नहीं ला पाया। 17 नवंबर को इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बृहस्पतिवार देर रात उसका शव लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा, जहाँ से परिजन उसे गांव ले आए। शुक्रवार दोपहर गांव के पास जंगल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के पिता विंध्यादीन, माता, बाबा देवी प्रसाद, भाई, चाचा, पत्नी सुनीता और चार वर्षीय इकलौता पुत्र कार्तिक का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त