दिल्ली ब्लास्ट केस काजीगुंड में NIA का बड़ा एक्शन आदिल मजीद राथर के घर तलाशी करीब एक घंटे तक खंगाला आवास, कथित ‘व्हाइट-कॉलर’ टेरर मॉड्यूल से जुड़े मामले की जांच जारी

श्रीनगर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने दिल्ली ब्लास्ट मामले की जांच के सिलसिले में दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में कथित ‘व्हाइट-कॉलर’ टेरर मॉड्यूल से जुड़े आरोपी आदिल मजीद राथर के आवास पर तलाशी अभियान चलाया।

अधिकारियों के अनुसार, NIA की टीम ने सोमवार को राथर के आवास पर करीब एक घंटे तक तलाशी ली। यह कार्रवाई पिछले वर्ष नवंबर में दिल्ली के लाल किले के पास हुए विस्फोट की जांच के सिलसिले में की गई। इस विस्फोट में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए थे।

तलाशी के दौरान जांच एजेंसी ने मामले से जुड़े संभावित साक्ष्यों और अन्य सुरागों की पड़ताल की। हालांकि, अभियान के दौरान किसी वस्तु या दस्तावेज की बरामदगी को लेकर एजेंसी की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई।

सहारनपुर से हुई थी आदिल की गिरफ्तारी

आदिल मजीद राथर को पिछले वर्ष 7 नवंबर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था। उस पर श्रीनगर शहर में कथित तौर पर धमकी भरे पोस्टर लगाने का आरोप था।

अधिकारियों के मुताबिक, राथर की गिरफ्तारी के बाद जांच के दौरान एक कथित ‘व्हाइट-कॉलर’ टेरर मॉड्यूल का खुलासा हुआ था। इस मॉड्यूल में कुछ डॉक्टरों की कथित भूमिका भी जांच के दायरे में आई थी।

दिल्ली धमाके से तीन दिन पहले हुआ था गिरफ्तार

आदिल की गिरफ्तारी दिल्ली में 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए विस्फोट से तीन दिन पहले हुई थी। इसके बाद केंद्रीय जांच एजेंसियों ने मामले से जुड़े नेटवर्क और विभिन्न कड़ियों की जांच तेज कर दी थी।

अब काजीगुंड स्थित उसके आवास पर NIA की तलाशी को उसी जांच की अगली कड़ी माना जा रहा है। एजेंसी की ओर से तलाशी में हुई बरामदगी अथवा सामने आए नए तथ्यों के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।