हिसार : कच्चे रास्तों को पक्का करने के लिए पौने छह करोड़ जारी : भव्य बिश्नोई

हमारा परिवार आदमपुर के संपूर्ण विकास के लिए दृढ़ संकल्पितहिसार, 14 जनवरी (हि.स.)। युवा भाजपा नेता भव्य बिश्नोई ने कहा है कि राज्य सरकार ने आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के संपूर्ण विकास के हमारे संकल्प की कड़ी में हलके के विभिन्न गांवों के खेतों के कच्चे रास्तों को पक्का करने के लिए ने 5 करोड़ 75 लाख 74 हजार रूपए की राशि जारी की है। उन्होंने बताया कि खेतों के कच्चे रास्तों को पक्का करने के लिए मांग मुख्यमंत्री से की थी, जिसे स्वीकार करते हुए यह राशि जारी की है। भव्य बिश्नोई ने बुधवार काे यह राशि जारी करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि जल्द ही इन रास्तों को पक्का करने के लिए कार्य शुरू हो जाएगा, जिससे किसानों को काफी लाभ होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। इसी तरह से गत दिनों एमसीएडी योजना के अंतर्गत बालसमंद-बुड़ाक कलस्टर के लिए मुख्यमंत्री ने 33.24 करोड़ रूपए की राशि मंजूर की थी। विदित रहे कि पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भजन लाल ने अपने कार्यकाल के दौरान बासड़ा माइनर से एक नंबर व दो नंबर माइनर निकाले थे। जो दो नंबर लिफ्ट सिस्टम लगाया गया था वह काफी समय से बंद पड़ा था। बालसमंद एवं बुड़ाक क्षेत्र के खेतों की सिंचाई एवं पीने का पानी उपलब्ध करवाने के लिए यह मांग मुख्यमंत्री के सामने रखी थी, जिसे भी स्वीकार कर लिया गया है। इससे क्षेत्र के किसानों को काफी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि किसानों सहित प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण की दिशा में मुख्यमंत्री की नीतियां व दूरदर्शी सोच काबिलेतारीफ हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर