भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य से मिले दिलीप घोष
- Admin Admin
- Jan 01, 2026
कोलकाता, 01 जनवरी (हि.स.)।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बैठक के अगले ही दिन पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने गुरुवार को पार्टी के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य से मुलाकात की। यह बैठक कोलकाता के साल्ट लेक स्थित पार्टी कार्यालय में हुई।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर मंथन तेज हो चुका है। हाल के महीनों में दिलीप घोष पार्टी की सक्रिय राजनीति से कुछ हद तक दूरी बनाए हुए थे। लोकसभा चुनाव 2024 में हार के बाद वह सार्वजनिक मंचों पर कम नजर आए थे। इस चुनाव में उन्हें उनके पुराने मेदिनीपुर सीट से हटाकर बर्धमान दुर्गापुर से मैदान में उतारा गया था।
बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में पार्टी के सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ संगठनात्मक बैठक की थी। उसी बैठक में दिलीप घोष भी मौजूद थे। इसके बाद उनकी यह मुलाकात राजनीतिक दृष्टि से अहम मानी जा रही है।
मुलाकात के बाद दिलीप घोष ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि 2026 का बंगाल चुनाव देश के लिए बेहद अहम है। उन्होंने लिखा कि पिछला चुनावी संघर्ष ऐसा था जिसने बंगाल की जनता की नजर में पार्टी को मुख्य विपक्ष के रूप में स्थापित किया और अब राज्य के लोग बदलाव के लिए तैयार हैं।
दिलीप घोष के नेतृत्व में ही पश्चिम बंगाल में पार्टी ने बड़ी छलांग लगाई थी। वर्ष 2014 में जहां लोकसभा में पार्टी के सिर्फ दो सांसद थे, वहीं 2019 में यह संख्या बढ़कर 18 हो गई थी। विधानसभा चुनाव में भी पार्टी ने 2016 के तीन सीटों से बढ़कर 2021 में 77 सीटें हासिल की थीं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दिलीप घोष की दोबारा सक्रियता और प्रदेश नेतृत्व के साथ संवाद, आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की रणनीति को नई दिशा दे सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर



