ठंड में असहायों के बीच कंबल का वितरण

सारण, 10 दिसंबर (हि.स.)। सामाजिक स्वयंसेवी संस्था लायंस क्लब छपरा टाउन ने ठंड के बढ़ते प्रकोप के बीच मानवता की मिसाल पेश करते हुए असहाय और ज़रूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया। क्लब के इस पहल से भीषण ठंड झेल रहे गरीबों को बड़ी राहत मिली है। शहर के विभिन्न हिस्सों में आयोजित इस कंबल वितरण कार्यक्रम में क्लब के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और ज़रूरत के हिसाब से लोगों को कंबल उपलब्ध कराए। इस अवसर पर संस्था के सचिव लायन मनीष कुमार ने बताया कि हमारा क्लब हमेशा ज़रूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहता है।

उन्होंने जोर दिया कि सामाजिक दायित्वों को निभाना हर नागरिक का कर्तव्य है। इस पहल के बारे में उन्होंने बताया कि ठंड के बढ़ते मौसम में गरीब और बेसहारा लोगों की परेशानी को देखते हुए क्लब द्वारा यह मदद समय पर पहुंचाई गई है। उन्होंने आगे बताया कि कंबल वितरण के साथ-साथ, लायंस क्लब छपरा टाउन द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था भी की जाती है, ताकि राहगीरों और गरीबों को ठंड से बचाया जा सके।

यह क्लब का एक नियमित सेवा कार्य है। कम्बल वितरण के इस नेक कार्य के दौरान क्लब के अन्य सदस्य, जिनमें लायन विकास गुप्ता और आदित्य सोनी शामिल थे, संस्था के सदस्य काजल गुप्ता ने भी इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। लायंस क्लब छपरा टाउन की यह पहल निश्चित रूप से अन्य संस्थाओं को भी समाज सेवा के लिए प्रेरित करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार