प्रधानमंत्री मोदी के संदेश से देश को विकास, आत्मनिर्भरता और प्रेरणा की नई दिशा मिली : बिंदल
- Admin Admin
- Nov 30, 2025
नाहन, 30 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने रविनवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बूथ नंबर 38, यशवंत विहार नाहन में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
डॉ. बिंदल ने कहा कि आज सम्पूर्ण हिमाचल प्रदेश के विभिन्न बूथों पर भाजपा के श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना।
डॉ. बिंदल ने कहा कि मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह देशवासियों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रत्येक संबोधन से समाज को नई ऊर्जा, नई दिशा और कुछ नया सीखने की प्रेरणा मिलती है। 128वीं कड़ी में प्रधानमंत्री ने देश के विकास, नवाचार, युवाओं की शक्ति, कृषि, संस्कृति, रक्षा, पर्यटन और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों पर प्रेरणादायक संदेश दिए हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने गीता महोत्सव, काशी-तमिल संगमम, भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रसार, भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के विश्व भ्रमण और भारत की सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हुए एक भारत–श्रेष्ठ भारत की भावना को और सशक्त किया। साथ ही उन्होंने नौसेना दिवस, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और देश की सामरिक शक्ति पर भी प्रकाश डाला।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम देशवासियों को राष्ट्रप्रेम, आत्मनिर्भरता, सांस्कृतिक गौरव और सतत विकास की प्रेरणा देता है। भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक प्रधानमंत्री के इन संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर



