युवती से छेड़छाड़ का आरोप पूर्व तृणमूल पार्षद के चाचा पर, थाने के सामने प्रदर्शन
- Admin Admin
- Jan 01, 2026
वर्धमान, 01 जनवरी (हि. स.)। दुर्गापुर में एक युवती के साथ छेड़छाड़ का आरोप तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पार्षद शशांक शेखर मंडल के चाचा शिवप्रसाद मंडल पर लगा है। इस मामले में स्थानीय लोगों ने कॉकओवेन थाना के सामने थाने घेरकर आरोपित की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
घटना के अनुसार, मंगलवार शाम युवती अपने कार्यस्थल से घर लौट रही थीं। इसी दौरान आरोपित ने उन्हें गाड़ी में घर पहुंचाने का प्रस्ताव दिया। आरोप है कि रास्ते में गाड़ी को दूसरी दिशा में मोड़ा गया और युवती को अश्लील प्रस्ताव दिए गए, साथ ही शारीरिक छेड़छाड़ करने का प्रयास किया गया। युवती की रोने-धोने पर उसे अंततः घर छोड़ दिया गया और घटना छुपाने के लिए दबाव डाला गया।
मामले की शिकायत बुधवार शाम युवती के परिवार ने कॉकओवेन थाने में लिखित रूप में की। खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। गुरुवार को दोपहर में माइकिंग कर आरोपित की गिरफ्तारी और सख्त दंड की मांग की गई। शाम तक थाने के सामने व्यापक प्रदर्शन हुआ।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था, यदि इलाके के पूर्व पार्षद का चाचा इस प्रकार की घटना में शामिल हैं, तो आम लोग न्याय कैसे पाएंगे?
पुलिस ने तत्काल गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिससे स्थिति कुछ हद तक शांत हुई।
भाजपा के दुर्गापुर–बर्धमान संगठनात्मक जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर बनर्जी ने कहा कि यह तृणमूल की संस्कृति है। राज्य में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है। आरोपित तृणमूल के करीबी होने के कारण पुलिस गिरफ्तारी से डर रही है।
वहीं, तृणमूल के दुर्गापुर तीन नंबर ब्लॉक अध्यक्ष शिपुल साहा ने कहा कि पुलिस जांच कर रही है। कानूनी रूप से कार्रवाई होगी।
कॉकओवेन थाना पुलिस ने भी मामले की तत्काल जांच शुरू की है।
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता



