कोकराझार में पुलिस के साथ मुठभेड़ दुष्कर्म का आरोपित घायल

कोकराझार (असम), 11 जनवरी(हि.स.)। कोकराझार में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ दुष्कर्म का आरोपित घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार दुष्कर्म के आरोपित रफीकुल इस्लाम पुलिस का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की, जिसके चलते उसे रोकने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी।

इस घटना में कोकराझार पुलिस के दो जवान भी घायल हो गए हैं। दोनों जवानों के हाथ और पैर में चोटें आई हैं। बीते शनिवार को उत्पन्न हुई तनावपूर्ण स्थिति के मद्देनज़र रफीकुल इस्लाम को रानीघुली के एक सुरक्षित स्थान पर रखा गया था। रविवार शाम उसे कोकराझार लाए जाने के दौरान शौच जाने के बहाने उसने साथ चल रहे पुलिसकर्मियों का हथियार छीनकर उन पर हमला किया और फरार होने का प्रयास किया।

परिस्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में दुष्कर्म के आरोपित रफीकुल इस्लाम के बाएं पैर में गोली लगी। घायल रफीकुल इस्लाम को पुलिस द्वारा कोकराझार आरएनबी अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे कोकराझार मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में रेफर कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा