पंचायतों में सशक्त महिलाएं ही विकास की असली ताकत: ओमप्रकाश राजभर
- Admin Admin
- Jan 06, 2026
पंचायती राज विभाग ने महिलाओं के सशक्तीकरण पर आधारित विशेष कैलेंडर किया जारी
लखनऊ, 06 जनवरी (हि.स.)। महिलाओं के सशक्तीकरण और ग्राम पंचायतों में उनकी वास्तविक एवं सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंचायती राज विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा महिलाओं के सशक्तीकरण पर आधारित विशेष कैलेंडर जारी किया गया है। यह कैलेंडर केवल तिथियों का संकलन नहीं, बल्कि पंचायतों में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम है।
पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने विभागीय अधिकारियों की बैठक में कहा कि पर्दे के पीछे नही, सामने प्रधान केवल एक पहल नहीं, बल्कि मजबूत लोकतंत्र की नींव है। जब पंचायतों में महिलाएं सशक्त होंगी और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएंगी, तभी गांवों का समग्र विकास संभव होगा। यह कैलेंडर महिला हितैषी सोच को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
निदेशक पंचायती राज विभाग अमित कुमार सिंह ने कहा कि यह कैलेंडर ग्राम पंचायतों के लिए एक प्रेरक एवं मार्गदर्शक दस्तावेज है, जो महिला हितैषी सोच को व्यवहार में उतारने में सहायक होगा। इसके माध्यम से पंचायतों को महिलाओं के सम्मान, सहभागिता और सशक्त भूमिका सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रेरणा मिलेगी।
कैलेंडर के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि ग्राम पंचायतों में महिलाएं केवल नाम की प्रधान या प्रतिनिधि न रहें, बल्कि विकास कार्यों और निर्णय प्रक्रिया में उनकी सार्थक भागीदारी सुनिश्चित हो। यह पहल महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका निभाने, अपनी बात मजबूती से रखने और पंचायत संचालन में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करती है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन



