यमुनानगर में पूर्व सैनिक से मकान के नाम पर ठगी

यमुनानगर, 01 जनवरी (हि.स.)। यमुनानगर जिले से एक पूर्व सैनिक के साथ मकान के नाम पर धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले से बैंक में गिरवी रखे मकान के फर्जी दस्तावेज तैयार कर पूर्व सैनिक को बेच दिया। ठगी का खुलासा उस समय हुआ, जब संबंधित बैंक ने मकान के बाहर अपना नोटिस चस्पा कर दिया। पुलिस को दी गई शिकायत में भारतीय सेना से रिटायर्ड सिंबर सिंह, निवासी आत्म नगर, गुलाब नगर ने बताया कि रामनगर निवासी नर सिंह 6 मई 2019 को उनके पास आया था। उसने खुद को पैसों की सख्त जरूरत बताते हुए अपना मकान बेचने की पेशकश की। आरोपी की बातों पर भरोसा कर उन्होंने 8 लाख रुपये बतौर बयाना दे दिया।

शिकायतकर्ता के अनुसार 25 फरवरी 2020 को शेष राशि का भुगतान कर मकान की रजिस्ट्री और बयाना अपनी पत्नी बलविंदर कौर के नाम करवा लिया गया। इसके बाद इंतकाल नंबर 3456 के तहत राजस्व रिकॉर्ड और नगर निगम के रिकॉर्ड में भी उनकी पत्नी का नाम दर्ज हो गया। पूर्व सैनिक ने बताया कि मकान खरीदते समय उन्होंने सभी उपलब्ध दस्तावेजों की जांच की थी। बाद में सामने आया कि मकान पर पहले से ही कोर्ट केस और बैंक का कर्ज था। आरोप है कि आरोपियों ने साजिश के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार किए और जानबूझकर यह तथ्य छिपाया, ताकि मकान हड़पने की मंशा पूरी की जा सके।

मामला तब उजागर हुआ जब 30 जून 2022 को बैंक की ओर से मकान के बाहर नोटिस लगाया गया। इसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस का रुख किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी नर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार