कोरबा : सर्वाधिक समर्थन मूल्य और सुगम धान खरीद से किसानों में संतोष

कोरबा, 08 जनवरी (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी नीतियों का असर अब ज़मीन पर साफ दिखने लगा है। पारदर्शी और सरल धान खरीद व्यवस्था से किसानों की पुरानी चिंताएं दूर हुई हैं। सर्वाधिक समर्थन मूल्य पर धान खरीद, सुव्यवस्थित प्रशासन और उपार्जन केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं से किसानों में भरोसा बढ़ा है।

राज्य सरकार ने धान खरीद को केवल प्रक्रिया नहीं, बल्कि किसान के सम्मान और सुरक्षा से जोड़ा है। ऑनलाइन टोकन प्रणाली लागू होने से किसानों को अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ रहा और वे तय तिथि पर आसानी से धान विक्रय कर पा रहे हैं।

कोरबा जिले के ग्राम सराईपाली सोनपुरी पंचायत निवासी किसान महावीर यादव ने इस व्यवस्था से लाभ मिलने की बात कही। उन्होंने लगभग ढाई एकड़ भूमि में उपजाए गए 30 क्विंटल 40 किलोग्राम धान का विक्रय सोनपुर उपार्जन केंद्र में बिना किसी परेशानी के किया। उन्होंने बताया कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य मिलने से किसानों को मेहनत का उचित दाम मिल रहा है।

धान उपार्जन केंद्रों में बैठने, पेयजल, छांव और पारदर्शी तौल जैसी सुविधाओं से किसानों को सम्मानजनक अनुभव मिल रहा है। महावीर यादव ने सरकार और प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि किसान कल्याणकारी नीतियों से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और खेती फिर से लाभकारी कार्य बन रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी