फरीदाबाद: घर से मीट लेने निकले युवक की चाकू मारकर हत्या, साथी पर मामला दर्ज

फरीदाबाद, 02 जनवरी (हि.स.)। बड़ौली गांव में एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक गुरुवार रात को मीट लेने घर से निकला था और सुबह उसका शव गांव के बाहर पड़ा हुआ मिला। पुलिस ने मृतक के साथी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार गांव बड़ौली का रहने वाला युवक रिजवान कबाड़ का काम करता था। गुरुवार रात को वह मीट लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन घर वापस नहीं आया। शुक्रवार सुबह जब घर के लोगों ने उसकी तलाश की, तो उसका शव गांव के बाहर पड़ा हुआ मिला। मृतक रिजवान की बॉडी पर चाकू के मारने के कई निशान मिले है। जिससे हत्या की आंशका पुख्ता हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने मामले में रिजवान के साथी बलबीर चंदीला के खिलाफ केस दर्ज किया है। वारदात से पहले रिजवान को उसके साथ देखा गया था। इसी आधार पर परिवार के लोगों द्वारा बलबीर चंदीला पर हत्या का मामला दर्ज करने को कहा गया। वारदात के बाद से ही बलबीर चंदीला घर से फरार हो गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। अभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर