जिले में पहली बार होगा “मिलेट्स महोत्सव”, बताई जाएगी श्रीअन्न की खूबियां

धमतरी, 04 जनवरी (हि.स.)। पोषण सुरक्षा, किसान समृद्धि और सतत कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में धमतरी जिला प्रशासन एक नई पहल करने जा रहा है। जिले में पहली बार “मिलेट्स महोत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का आयोजन पांच जनवरी को सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया जाएगा।

मिलेट्स महोत्सव का उद्देश्य किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों एवं आम नागरिकों को श्रीअन्न (मिलेट्स) की खेती, उसके पोषण मूल्य, स्वास्थ्य लाभ तथा विपणन की संभावनाओं से अवगत कराना है। यह आयोजन जिले को स्वस्थ समाज और आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में नई पहचान दिलाएगा। महोत्सव के दौरान जिले में उत्पादित कोदो, कुटकी, रागी सहित विभिन्न प्रकार के मिलेट्स तथा उनसे तैयार पौष्टिक, स्वादिष्ट और पारंपरिक व्यंजनों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। नागरिक इन व्यंजनों का स्वाद लेकर मिलेट्स आधारित खानपान को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।

कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान करेंगे पद्मश्री सम्मानित डा खादर वल्ली, जो मिलेट्स के नियमित सेवन से होने वाले स्वास्थ्य लाभों, मधुमेह, हृदय रोग एवं पाचन संबंधी समस्याओं में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे। साथ ही वे वैज्ञानिक खेती और विपणन के अवसरों पर किसानों को मार्गदर्शन देंगे। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के किसानों, महिला समूहों, युवाओं एवं आमजन से इस मिलेट्स महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मिलेट्स को जन-आंदोलन का रूप देकर ही स्वस्थ समाज, समृद्ध किसान और सशक्त जिले की कल्पना को साकार किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि मिलेट्स में प्रचुर मात्रा में फाइबर, आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन एवं आवश्यक खनिज तत्व पाए जाते हैं। यह फसल कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली, जलवायु अनुकूल एवं पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, जिससे किसानों की लागत घटने के साथ उनकी आय बढ़ने की संभावनाएं भी बढ़ती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा