रामगढ़, 04 जनवरी (हि.स.)। बेटे को अग्निवीर जवान बनाने का झांसा देकर बाप से 3.20 लाख रुपये ठग लिए। यह मामला तब उजागर हुआ जब पीड़ित व्यक्ति पैसे मांगने ठग के घर गया, तो उसके साथ बदसुलूकी हुई। इस मामले में पीड़ित व्यक्ति सुरेश महतो के द्वारा रजरप्पा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इस मामले में रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि जमीरा गांव निवासी सुरेश महतो को बोकारो जिले के महुआटांड थाना क्षेत्र अंतर्गत कंडेर गांव निवासी पन्ना लाल मुंडा ने झांसा देकर ठगी की थी। पन्ना लाल मुंडा ने सुरेश महतो के बेटे श्रवण कुमार महतो की नौकरी आर्मी पोस्ट आफिस में या अग्निवीर जवान में लगाने की बात कही थी। पन्ना लाल मुंडा का ससुराल गोला थाने के तोयर गांव में था। वहीं सुरेश महतो का दामाद भी रहता था इस लिए भरोसा हो गया। लेकिन किसी भी चयन सूची में श्रवण का नाम नहीं आने पर दोनों पक्षों में पैसे को लेकर विवाद हो गया। बाद में पन्ना लाल मुंडा ने एक 3 लाख रुपये का चेक भी दिया लेकिन उस खाते में पैसे नहीं थे। इस मामले में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश



