हिसार : महिला के साथ पति ने की मारपीट, गर्भावस्था में जबरन संबंध बनाने का आरोप
- Admin Admin
- Nov 28, 2025
हिसार पुलिस ने शुरू की जांच
हिसार, 28 नवंबर (हि.स.)। हिसार में रेडियोग्राफर महिला के साथ उसके रेडिएशन
थैरेपिस्ट पति द्वारा दहेज के लिए मारपीट करने व यातनाएं देने का मामला सामने आया है।
पीड़िता का आरोप है कि गर्भावस्था में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। महिला के
अनुसार लगभग दो साल पहले हिसार के ही एक निजी अस्पताल में कार्यरत रेडिएशन थैरेपिस्ट
से उसकी शादी हुई थी।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने शुक्रवार काे बताया कि शादी के बाद से ही पति व उसके परिवार
वाले दहेज लाने और पैसों की डिमांड करते हुए मारपीट करने लगे। इसी के चलते 16 अक्टूबर
2024 को इस संबंध में उसने पुलिस को शिकायत दी थी, मगर बाद में माफी मांगने के बाद
दोबारा सब ठीक हो गया। मगर कुछ दिनों फिर से मारपीट शुरू कर दी। महिला ने अपने
पति और ससुराल पक्ष पर दहेज मांगने, पैसे हड़पने, जान से मारने की धमकी, गर्भावस्था
में प्रताड़ित करने और जबरन शारीरिक संबंध बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए एचटीएम
थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। महिला के अनुसार लगभग तीन सप्ताह चली पुलिस जांच के
बाद पति के खिलाफ दहेज और मारपीट के आरोप सही पाए गए हैं, जबकि सास और ससुर के खिलाफ
कोई साक्ष्य न मिलने पर उन्हें क्लीन चिट दे दी गई है। इस संबंध में पुलिस ने पति के
खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर किया
है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर



