गडोली से घोडीखाल के बीच प्रस्तावित सुरंग निर्माण पर भड़के ग्रामीण
- Admin Admin
- Nov 28, 2025
पौड़ी गढ़वाल, 28 नवंबर (हि.स.)। श्रीनगर-पौड़ी-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर गडोली से घोड़ीखाल के बीच प्रस्तावित सुरंग निर्माण पर स्थानीय ग्रामीण भड़क गए है। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके बिना संज्ञान व उनको बिना विश्वास में लिए सुरंग निर्माण का कार्य करवाया जाना प्रस्तावित है। जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
शुक्रवार को गहड़, निसणी, सैणीखाल, बुआखाल व गड़ोली के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर सुरंग निर्माण का प्रस्तावित कार्य निरस्त करते हुए एनएच के दोनो ओर सड़कों को जल्द सुधारीकरण व चौड़ीकरण करने की मांग की है। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि इस सुरंग के बनने से उनके भवनों को खतरा पैदा होगा। कहा कि सुरंग निर्माण के सर्वे के दौरान ग्रामीणों से कोई वार्ता नहीं की गई। कहा कि सुरंग निर्माण होने से स्थानीय ग्रामीणों, व्यापारियों का स्वरोजगार प्रभावित होगा, जिससे पलायन होने का खतरा बढ़ जाएगा।
सुरंग निर्माण से सरकार को वित्तीय हानि होने की भी संभावना है। कहा कि इस मार्ग पर पहले से ही दो सड़के बनी है। सुरंग निर्माण के बजाए इन दो सड़कों का सुधारीकरण किया जाना चाहिए। कहा कि सुरंग निर्माण के प्रस्तावित कार्य को निरस्त नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान जयराज सुरेश रावत, विनोद दनोशी, भाष्कर बहुगुणा, सुरजी देवी, रजनी, राजेंद्र सिंह रावत, पारूल रावत, अजीत रावत, बबीता देवी आदि शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह



