संगठन की एकजुटता दिखाने का सुनहरा मौका : प्रकाश पाल

कानपुर, 19 जनवरी (हि.स.)। बैठक में स्वागत कार्यक्रम से जुड़े सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए तय किया गया कि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का यह प्रथम आगमन है, जिसे हर दृष्टि से ऐतिहासिक बनाया जाएगा। निर्णय लिया गया कि रोड शो के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष प्रत्येक कार्यकर्ता से संवाद करेंगे और संगठन की एकजुटता एवं ऊर्जा का संदेश देंगे। यह बातें सोमवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के 22 जनवरी को प्रस्तावित जनपद आगमन को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने के उद्देश्य से आज सर्किट हाउस में एक बृहद तैयारी बैठक की गई। जिसकी अध्यक्षता भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने की, प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी अनूप गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जनप्रतिनिधियों, क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं स्वागत व्यवस्था में लगे कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

इसके पूर्व सुबह नौ बजे प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित शिवराम सिंह, क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी ने जाजमऊ से लेकर कानपुर विश्वविद्यालय तक प्रस्तावित मार्ग का जायजा लिया। इस दौरान प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर सामाजिक महापुरुषों के नाम से भव्य तोरण द्वार लगाने का निर्णय लिया गया। साथ ही सभी जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों को स्वागत के लिए अलग-अलग चौराहों एवं तिराहों की जिम्मेदारी सौंपी गई।

क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि महानगर के दो दर्जन से अधिक प्रमुख चौराहों को विशेष रूप से सजाया जाएगा। जाजमऊ से लालबंगला, पंडित होटल, कैंट, नरोना चौराहा, फूलबाग, बड़ा चौराहा, परेड, चुन्नीगंज, बजरिया से दाईं ओर मुड़कर ईदगाह, हर्षनगर, मोतीझील गोल चौराहा, रावतपुर होते हुए कानपुर यूनिवर्सिटी तक के मार्ग का निरीक्षण कर प्रत्येक बिंदु पर स्वागत व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया।

भाजपा युवा मोर्चा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष सुनील साहू ने क्षेत्रीय कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को भव्य बनाने के लिए एक अलग बैठक आयोजित की। बैठक में मोर्चा के क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं सभी जिलों के अध्यक्ष उपस्थित रहे। इसमें निर्णय लिया गया कि युवा मोर्चा द्वारा नरोना चौराहा पर प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को सौंपी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप