गुरुग्राम: अटल जी की दूरदर्शिता पर टिका है विकसित भारत का सपना: राव नरबीर सिंह
- Admin Admin
- Dec 25, 2025
-अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुशासन दिवस के अवसर पर सुशासन के सिद्धांतों को आत्मसात करने का किया आह्वान
-मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय अधिकारियों को किया सम्मानित
गुरुग्राम, 25 दिसंबर (हि.स.)। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को गुरुग्राम सहित प्रदेशभर में सुशासन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।इस कार्यक्रम के दौरान पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन को उपस्थितजनों ने सुना। जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि अटल जी ऐसी महान विभूति थे, जिन्हें सुनने और समझने के लिए सभी विचारधाराओं के लोग एकत्रित होते थे। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने न केवल देश की राजनीतिक व्यवस्था को नई दिशा दी, बल्कि सामाजिक उत्थान के लिए भी जीवनभर कार्य किया।कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बहुदलीय सरकार का सफल संचालन, परमाणु परीक्षण के माध्यम से भारत की वैश्विक पहचान और राष्ट्र को आत्मनिर्भर बनाने की सोच अटल जी की दूरदर्शिता का परिचायक है, जिसकी नींव पर आज विकसित भारत का सपना साकार हो रहा है। राव नरबीर सिंह ने कहा कि शासन और प्रशासन के समन्वय से ही प्रदेश और देश प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ते हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों से सुशासन दिवस के अवसर पर सुशासन के सिद्धांतों को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करना ही सच्चा सुशासन है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राजधानी से सटे हरियाणा प्रदेश की भूमिका विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में अत्यंत महत्वपूर्ण होगी और इसमें प्रशासन की सक्रिय भागीदारी निर्णायक साबित होगी।
इन अधिकारियों व कर्मचारियों को किया गया सम्मानितसुशासन दिवस के अवसर पर मुख्यातिथि द्वारा जिला स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट, नवाचारपूर्ण एवं जनहितकारी कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सरोज कुमारी, जिला एफएलएन समन्वयक मनोज कुमार लाकड़ा, एबीआरसी सोनम यादव, समर्पक फाउंडेशन के कार्यक्रम समन्वयक सुमित सांगवान, एआईपीआरओ अमित कुमार तथा सिविल डिफेंस कार्यालय गुरुग्राम के चीफ वार्डन मोहित शर्मा को उनके सराहनीय योगदान के लिए सुशासन दिवस सम्मान प्रदान किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर



