गुरुग्राम: नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा अधिक सशक्त होगी: मोहन लाल बड़ौली

-स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को राष्ट्र भक्ति का मंत्र दिया

गुरुग्राम, 12 जनवरी (हि.स.)। भाजपा हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन युवा और उर्जावान हैं। कम उम्र में ही उन्होंने राजनीति में कदम रखा और जनसेवा को अपना लक्ष्य बनाया। वर्ष 2006 में पहली बार विधायक बनने के साथ ही जनता की आवाज बनें और बिहार में मंत्री के रूप में विकास कार्य को गति दी। नितिन नबीन कार्यकर्ताओं के साथ कंधा से कंधा मिलाकर चलने वाले नेता हैं। नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा और अधिक सशक्त होगी। वे सोमवार को गुरुग्राम में स्वामी विवेकानंद जन्म जयंती के अवसर पर व राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या और खेल मंत्री गौरव गौतम, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, भाजपा पार्लियामेंट्री बोर्ड की सदस्य सुधा यादव, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, मंत्री राव नरबीर सिंह, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, राज्य मंत्री राजेश नागर समेत अनेक नेता मौजूद रहे। मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि आज का दिन अत्यंत गौरव और प्रेरणा का दिन है। आज हम युग पुरूष स्वामी विवेकानंद की जयंती मना रहे हैं। स्वामी विवेकानंद जी ने सम्पूर्ण विश्व को भारत की आध्यात्मिक शक्ति से परिचित कराया और युवाओं को राष्ट्र भक्ति का मंत्र दिया। स्वामी जी कहते थे लक्ष्य प्राप्त नहीं हो जाए तक हमें रूकना नहीं है। संगठन की तरफ से नबीन का स्वागत करते हुए बड़ौली ने कहा कि कार्यकारी अध्यक्ष नबीन के नेतृत्व युवाओं को नई दिशा देगा। बड़ौली ने कहा कि नायब सैनी सरकार ने हरियाणा में पादर्शी व्यवस्था और स्वरोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। आज का युवा नौकरी लेने वाला नहीं बल्कि देने वाला बन रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया विकसित भारत के संकल्प को साकार कर रहे हैं। नायब सैनी सरकार ने युवाओं को केंद्र में रखकर नीतियां बनाई है। स्वामी जी का सपना था कि भारत का युवा साहसी हो भाजपा उस सपने को साकार कर रही है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि हमें अपने भविष्य के साथ-साथ भारत के भविष्य के बारे में देश प्रथम की भावना से आगे बढ़ना है।

इस अवसर पर खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सर्वश्रेष्ठ खेल नीति बनाई गई है। हमारे खिलाड़ी विश्व में भारत और हरियाणा का नाम रोशन कर रहे हैं। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में पॉलिसियां पैरालाइज हो जाती थी। कांग्रेस सरकार में नौकरियां बांटी जाती थी, परिवार के लोग ही सरकारी नौकरियों में लगते थे। गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में युवाओं को योग्यता से नौकरियां मिल रही है। खेलों के क्षेत्र में भारत का तिरंगा दुनिया में लहरा रहा है। हर क्षेत्र में हरियाणा का युवा आगे बढ़ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर