गुरुग्राम: कद से किसी के अस्तित्व की परिभाषा नहीं बदली जा सकती: दीपेंद्र सिंह हुड्डा

-अरावली चाहे 100 मीटर ऊंची हो या छोटी वह अरावली ही कहलाएगी

-सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने बादशाहपुर में की प्रेस कांफ्रेंस

गुरुग्राम, 26 दिसंबर (हि.स.)। रोहतक से लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कद से किसी की परिभाषा नहीं बदली जा सकती। यह तो ऐसा ही हुआ जैसे साढ़े फुट से ऊपर के इंसान ही इंसान माने जाएंगेंं, नीचे के नहीं। जबकि इंसान तो इंसान हैं। उन्होंने कहा कि पहले ये नाम बदलने का काम करते थे, अब परिभाषा बदलने का काम करते हैं। यह बात उन्होंने शुक्रवार को बादशाहपुर में कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में कही।उन्होंने कहा कि जंगलों को खत्म करने की मंशा रखने वाले जंगल सफारी की बात कर रहे हैं। सबसे खराब प्रदूषण वाले क्षेत्रों में करोड़ों पेड़ लगाने की बजाय हरी-भरी अरावली को ही खत्म करने का फैसला ले लिया गया, इससे देश आक्रोषित है। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जंगल सफारी के नाम पर सरकार आखिर किस तरह के प्रोजेक्ट ला रही है। उस पर भी प्रश्न चिन्ह लग रहे हैं कि सरकार आखिर किस नीयत से और किसके लिए काम कर रही है। इससे पर्यावरण को कैसा लाभ होगा। सांसद ने कहा कि 100 मीटर से ऊंची अरावली को छोडक़र बाकी को खत्म कर दिया जाएगा। इसके लिए रियल एस्टेट कंपनियों को लाभ पहुंचाना इनका मकसद है। ऐसी जानकारियां उन्हें मिल रही हैं। पहले से ही अरावली में अनेकों फार्म हाउस बनाकर अरावली को नुकसान पहुंचाया गया है। पिछले 10 साल में अनेक फार्म हाउस बने हैं। इस अवसर पर प्रमुख रूप से विधायक आफताब अहमद, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, गुडग़ांव शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज डावर, गुडग़ांव ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष वर्धन यादव, सुधीर चौधरी, गुडग़ांव से कांग्रेस प्रत्याशी रहे मोहित ग्रोवर, रेवाड़ी ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुभाष चंद छाबड़ी, पटौदी से कांग्रेस प्रत्याशी रही पर्ल चौधरी, गुडग़ांव मेयर प्रत्याशी रही सीमा पाहुजा, मानेसर मेयर प्रत्याशी रहे नीरज यादव, पार्षद सतपाल, मनीष खटाना, सुनीता वर्मा, सूबे सिंह यादव, सीमा हुड्डा, राजीव यादव, राहुल नंबरदार आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर