गुरुग्राम: केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में होगी राष्ट्रव्यापी हड़ताल: बसंत कुमार
- Admin Admin
- Jan 17, 2026
-नगर पालिका कर्मचारी संघ राष्ट्रव्यापी हड़ताल में भाग लेगा
गुरुग्राम, 17 जनवरी (हि.स.)। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा संबद्ध सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की जिला गुरुग्राम की कार्यकारिणी की आम सभा राज्य उपप्रधान व ईकाई प्रधान बसंत कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को हुई। इस दौरान 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर चर्चा की गई। सेक्टर-5 कम्युनिटी सेंटर व सेक्टर-10 कम्युनिटी सेंटर में हुई आम सभा का संचालन इकाई सचिव धर्मेंद्र जिंगाला ने किया।
संघ नेताओं ने कहा कि 12 फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल की तैयारी के लिए 19 जनवरी को सर्व कर्मचारी संघ की ओर से सीटू के साथ जिला स्तरीय प्रदर्शन करते हुए हड़ताल का नोटिस दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट के फैसले अनुसार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने व बकाया वेतन का छह प्रतिशत एरियर का भुगतान करने की मांग को लेकर उपायुक्त के माध्यम से मुख्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। नगर पालिका कर्मचारी संघ राज्य सह सचिव, संघ के वरिष्ठ नेता राजेश कुमार, उपप्रधान ज्ञान चंद, कोषाध्यक्ष भारत कांगड़ा, सहसचिव सीमा देवी, संगठन सचिव दयाचन्द, प्रचार सचिव अनिता व पिंकी ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की आर्थिक उदारीकरण, नव उदारीकरण की नीतियों के कारण लगातार महंगाई बेरोजगारी व भ्रष्टाचार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि 21 नवंबर 2025 को लागू किए गए चार लेबर कोड् रद्द किया जाए। आठवें वेतन आयोग लागू होने तक सभी कर्मचारियों को महंगाई के अनुसार पांच हजार रुपये अंतरिम राहत के रूप में देना, आठवें वेतन आयोग से पहले 7वें वेतन आयोग की विसंगतिया दुरुस्त करना, गुरुग्राम, हिसार, कैथल, पानीपत, सोनीपत व अन्य जगह से छंटनी किये गये सभी कर्मचारियो को ड्यूटी पर वापिस लेना शामिल है। आमसभा में सलाहकार मनजीत, ऑडिटर दीपक जोयल, दीपक, बंटी सराय, संजीत कुमार, कृष्ण चौकीदार, अशोक कुमार, समीर दास काफी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर



