गुरुग्राम: भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की रीढ़ रही कांग्रेस ने सदा देश को मजबूती दी: पंकज डावर
- Admin Admin
- Dec 28, 2025
-28 दिसंबर 1885 को हुई थी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना
-140वें स्थापना दिवस पर संगठन को और अधिक मजबूत करने का आह्वान
गुरुग्राम, 28 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) के 140वें स्थापना दिवस पर रविवार को यहां कमान सराय स्थित कांग्रेस भवन में महापुरुषों को स्मरण करते हुए उनके चित्रों पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि दी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर, पंडित जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित करते हुए जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर सत्ता में रहने तक कांग्रेस ने हमेशा देश को प्रथम, सर्वोपरि रखा। देश के अंतिम छोर तक, अंतिम व्यक्ति तक विकास और सुविधाएं पहुंचाना ही कांग्रेस का लक्ष्य रहा। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की रीढ़ रही कांग्रेस ने सदा देश को मजबूती दी। वायसराय लार्ड डफरिन के समय में आईएएस अधिकारी एलन ऑक्टेवियन ह्यूम ने भारत के नेताओं से मंत्रणा के बाद कलकत्ता में एक कंवेंशन में राष्ट्रीय स्तर का संगठन बनाने का विचार रखा। बताया गया कि यह संगठन भारत में उसी तरह से काम करेगा जैसे इंग्लैंड में विपक्षी पार्टी करती है। तभी 28 दिसंबर 1885 को मुंबई के गोकुलदास तेजपाल संस्कृत कॉलेज में संगठन गठित किया गया, जिसे कांग्रेस नाम दिया गया।
जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर के साथ पटौदी से प्रत्याशी रही पर्ल चौधरी, प्रदेश सेवादल सह-अध्यक्ष इंदर सिंह सैनी, वरिष्ठ नेता अधिवक्ता सूबे सिंह यादव, गुरुग्राम मेयर प्रत्याशी रही सीमा पाहुजा, सेवादल जिलाध्यक्ष कृष्ण सैनी, एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राजकुमार, राजेश यादव बादशाहपुर, मुकेश डागर कोच, पवन चौधरी, करण सिंह लोहिया, शाम लाल बामनिया, हरकेश बोहत, अमित कोचर, राजीव यादव, रेखा सैनी, पीएल कटारिया, सुनील चौहान, अब्दुल मलिक, भूपेश शुक्ला, रमाकांत शर्मा, रविंदर तिघरा, आदि ने भी श्रद्धासुमन अपित किए। मौजूद अनेक नेताओं, कार्यकर्ताओं ने भी सभी महापुरुषों को नमन करते हुए उनके द्वारा देशहित में किए गए कार्यों को याद किया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर



