गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय 2025 में अपराध नियंत्रण और निपटारे में ऐतिहासिक सुधार
- Admin Admin
- Jan 02, 2026
गुवाहाटी, 02 जनवरी (हि.स.)। वर्ष 2025 में गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय ने अपराध की रोकथाम, जांच, लंबित मामलों के निपटारे और अभियोजन में उल्लेखनीय सफलता दर्ज की है। आयुक्तालय ने सुनियोजित रणनीति और सख्त निगरानी के माध्यम से अपराध के लगभग सभी स्वरूपों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है।
आयुक्तालय क्षेत्र में वर्ष 2025 के दौरान कुल 5,786 मामले दर्ज किए गए, जो 2024 में 7,412 और 2023 में 9,393 थे। वर्ष के अंत तक कुल लंबित मामलों की संख्या घटकर 2,882 रह गई है। वर्ष 2021 की शुरुआत में जहां 35,396 मामले लंबित थे, वहीं चार वर्षों में 32 हजार से अधिक मामलों का निपटारा कर यह संख्या ऐतिहासिक रूप से कम की गई है।
चार्जशीट दाखिल करने की दर में भी बड़ा सुधार देखने को मिला है। वर्ष 2025 में चार्जशीट प्रतिशत बढ़कर 68.34 प्रतिशत हो गया, जो 2024 में 42.56 प्रतिशत और 2023 में मात्र 19.13 प्रतिशत था।
अभियोजन के क्षेत्र में भी आयुक्तालय ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दोषसिद्धि दर 2021 के 4 प्रतिशत से बढ़कर 2025 में 28.5 प्रतिशत तक पहुंच गई है। भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत दोषसिद्धि प्रतिशत 86.08 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जो अत्यंत सराहनीय है। नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में असम को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
संपत्ति के विरुद्ध अपराधों में भी उल्लेखनीय कमी आई है। वर्ष 2025 में इस श्रेणी के तहत 1,854 मामले दर्ज किए गए, जबकि 2023 में 3,752 और 2024 में 2,804 मामले थे। सघन रात्रि गश्त और त्वरित कार्रवाई के चलते इस कमी को संभव बनाया गया। वर्ष भर में संपत्ति अपराधों में संलिप्त 2,118 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
वाहन चोरी के मामलों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में 553 वाहन चोरी के मामले सामने आए, जो 2024 में 1,118 और 2023 में 1,032 थे। इस दौरान 239 आरोपितों की गिरफ्तारी की गई और 267 वाहन बरामद किए गए। वाहन बरामदगी दर 48.2 प्रतिशत रही, जो पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक है।
मोबाइल चोरी के मामलों में 203 मामलों में 203 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया और 1,159 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
नशीले पदार्थों के विरुद्ध अभियान में आयुक्तालय ने सख्ती बरती। वर्ष 2025 में 406 एनडीपीएस मामले दर्ज किए गए और 555 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 11.919 किलोग्राम हेरोइन, 529.301 किलोग्राम गांजा, 9,865 मनःप्रभावी सिरप और 34,918 मनःप्रभावी टैबलेट जब्त की गईं। जब्त मादक पदार्थों का कुल बाजार मूल्य 28 करोड़ 86 लाख 77 हजार 250 रुपये आंका गया है।
साइबर अपराध के क्षेत्र में, 2023 में स्थापित साइबर पुलिस स्टेशन, पानबाजार ने वर्ष 2025 में साइबर ठगी से जुड़े मामलों में 6 करोड़ 28 लाख 56 हजार 451 रुपये की राशि पीड़ितों को वापस दिलाई। इस वर्ष 18 मामले दर्ज किए गए और कुल 1,784 शिकायतों की जांच की गई। साइबर अपराध के प्रति जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए गए।
यातायात प्रबंधन में भी सुधार दर्ज हुआ है। वर्ष 2025 में कुल 1,026 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जो पिछले वर्ष 1,218 थीं। विशेष बात यह रही कि 31 दिसंबर 2025 को शहर में एक भी सड़क दुर्घटना की सूचना नहीं मिली। बड़े-बड़े आयोजनों के बावजूद शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही।
वर्ष 2025 में यातायात नियम उल्लंघन और अन्य मदों से कुल 50 करोड़ 21 लाख 57 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जो प्रभावी यातायात प्रबंधन और कानून प्रवर्तन को दर्शाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश



