समलैंगिक संबंध: पति की हत्या की घटना का पुलिस ने किया खुलासा, तीन हत्यारे गिरफ्तार, दो फरार
- Admin Admin
- Jan 18, 2026
फतेहपुर, 18 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने महिला द्वारा अपने समलैंगिक संबंधों के चलते पति की हत्या की घटना का खुलासा किया है। यह घटना थाना असोथर के ग्राम टीकर में विगत 14 जनवरी काे हुई थी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच में सामने आया कि हत्या प्रेम संबंधों के चलते कराई गई। सुमेर की पत्नी रेनू देवी और मालती देवी के बीच डेढ़ साल से समलैंगिक संबंध थे। मालती ने तीन शादियां की थी, हाल ही में अपने एक बच्चे के साथ रहती है। मालती और रेनू दोनों साथ रहना चाहती थीं जैसे ही सुमेर को इस बात की जानकारी लगी तो उसने मिलने-जुलने पर रोक लगा दी, जिसे लेकर दोनों में झगड़ा होने लगा और पत्नी रेनू ने अपनी समलैंगिक सहेली के साथ मिलकर पति सुमेर की हत्या की साजिश रची और ट्यूबवेल में जाकर मरवा दिया।
उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी रेनू अपने करीबी ई-रिक्शा चालक जितेंद्र गुप्ता को 60 हजार रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। रेनू व मालती और जितेन्द्र ने अपने दो शूटर साथियों के साथ मिलकर सुमेर के गले को रस्सी से बांध कर दबा दिया और चाकू से गला रेतकर सुमेर की ट्यूबवेल में हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मालती देवी, रेनू देवी और शूटर राजू सोनकर को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दो अन्य आरोपित जितेंद्र गुप्ता, रामप्रकाश उर्फ मद्दू फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार



